Aapka Rajasthan

रांची में रिम्स जमीन घोटाले में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, छह अफसर एक साथ गिरफ्तार

रांची, 17 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी रांची में बहुचर्चित रिम्स जमीन घोटाले से जुड़े मामले में एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) ने मंगलवार की देर शाम छह पूर्व प्रशासनिक और निबंधन अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक साथ छह वरिष्ठ अधिकारियों की गिरफ्तारी से प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
 

रांची, 17 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी रांची में बहुचर्चित रिम्स जमीन घोटाले से जुड़े मामले में एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) ने मंगलवार की देर शाम छह पूर्व प्रशासनिक और निबंधन अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक साथ छह वरिष्ठ अधिकारियों की गिरफ्तारी से प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

गिरफ्तार किए गए लोगों में तत्कालीन भूमि सुधार उपसमाहर्ता, तीन जिला अवर निबंधक और दो अंचल अधिकारी स्तर के पदाधिकारी शामिल हैं। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रांची की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि, एसीबी थाना कांड संख्या 01/2026 से संबंधित मामले में यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की गई है।

एसीबी की विशेष टीमों ने साक्ष्यों के संकलन के आधार पर 17 नवंबर 2026 को इन सभी छह आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए प्रमुख अधिकारियों में मनोज कुमार रंजन (तत्कालीन भूमि सुधार उपसमाहर्ता, सदर, रांची), अविनाश कुमार (तत्कालीन जिला अवर निबंधक, रांची), वैभवमणि त्रिपाठी (तत्कालीन जिला अवर निबंधक, रांची), राहुल कुमार चौबे (तत्कालीन जिला अवर निबंधक, रांची), शैलेश कुमार (तत्कालीन अंचल अधिकारी, बड़गाईं अंचल, रांची) और राजेश कुमार (तत्कालीन अंचल अधिकारी, शहर अंचल, रांची) शामिल हैं।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अनुसार, रिम्स (राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज) के अधिकार वाली भूमि के अवैध तरीके से क्रय-विक्रय में इन अधिकारियों ने एक सोची-समझी आपराधिक साजिश के तहत अपने पदीय दायित्वों का घोर उल्लंघन किया। एसीबी को जांच के दौरान इन लोक सेवकों की संलिप्तता और भ्रष्टाचार से जुड़े ठोस साक्ष्य मिले, जिसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए इन्हें गिरफ्तार किया गया।

यह पूरा मामला रिम्स (राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान) की बहुमूल्य जमीन से जुड़े कथित घोटाले का बताया जा रहा है, जिसमें सरकारी भूमि के अवैध हस्तांतरण और दस्तावेजों में हेराफेरी का बड़ा खेल खेला गया था।

एसीबी के अधिकारियों का कहना है कि इस घोटाले में शामिल अन्य संदिग्धों की भी पहचान की जा रही है। फिलहाल एसीबी की टीम सभी गिरफ्तार अधिकारियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की विस्तृत कानूनी कार्रवाई तेजी से जारी है।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी