रांची: घर में घुसकर डकैती करने वाले गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार, 4.24 लाख रुपए नकद सहित स्कॉर्पियो-इनोवा बरामद
रांची, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। रांची के कांके थाना क्षेत्र में घर में घुसकर डकैती करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। रिंग रोड के पास गागी स्थित आदर्श नगर कॉलोनी में 13 अक्टूबर को हुई इस वारदात में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, डकैती में कुल 14 अपराधियों की संलिप्तता सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 4.24 लाख रुपये नकद, आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई इनोवा व स्कॉर्पियो बरामद की गई हैं। लूटे गए कीमती जेवरात अब तक नहीं मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर की सुबह करीब सात बजे हथियारबंद अपराधियों ने रामशंकर प्रसाद सिंह के मकान को निशाना बनाया था। अपराधी घर से नकदी और कीमती जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद कांके थाना पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी दल बनाया गया। जांच में पुलिस को पता चला कि अपराधियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले मकान की रेकी की थी।
पुलिस के मुताबिक, अगस्त से ही मकान और घटनास्थल की निगरानी की जा रही थी। इसके बाद गिरोह ने वाहन और हथियारों का इंतजाम कर योजनाबद्ध तरीके से डकैती की। तकनीकी जांच, आसूचना और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बीर बहादुर सिंह, सुधीर कुमार, कम्मो देवी, चंद्रशेखर पांडेय, सुमित कुमार सिंह और रजनीश सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने इन्हें बरियातू थाना क्षेत्र, दलादली ओपी और सुखदेवनगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, डकैती के बाद अपराधी इनोवा कार से फरार हुए थे। बाद में पिठोरिया थाना क्षेत्र में वाहन छोड़कर अलग-अलग निकल गए। जांच के दौरान इनोवा को कोकदोरो चौक के पास लावारिस हालत में बरामद किया गया। इसके अलावा एक स्कॉर्पियो भी जब्त की गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों बीर बहादुर सिंह और रजनीश सिंह का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। बीर बहादुर सिंह के खिलाफ बिहार के भोजपुर जिले के बड़हरा थाने में वर्ष 2021 का मामला दर्ज होने की जानकारी मिली है।
वहीं, रजनीश सिंह के खिलाफ रामगढ़ जिले के पतरातू थाने में वर्ष 2020 का मामला दर्ज होने का उल्लेख किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएसएच
