Aapka Rajasthan

रांची : सीआईडी जांच के बीच रिम्स निदेशक डॉ. राजकुमार का इस्तीफा, डॉ. डीके सिन्हा बने प्रभारी निदेशक

रांची, 25 जून (आईएएनएस)। रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के निदेशक डॉ. राजकुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए सर्जरी विभाग के प्राध्यापक डॉ. दीपेंद्र कुमार सिन्हा (डॉ. डीके सिन्हा) को तत्काल प्रभाव से रिम्स का प्रभारी निदेशक नियुक्त किया है।
 

रांची, 25 जून (आईएएनएस)। रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के निदेशक डॉ. राजकुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए सर्जरी विभाग के प्राध्यापक डॉ. दीपेंद्र कुमार सिन्हा (डॉ. डीके सिन्हा) को तत्काल प्रभाव से रिम्स का प्रभारी निदेशक नियुक्त किया है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब झारखंड सीआईडी की टीम रिम्स से जुड़े कुछ मामलों की जांच कर रही है। एक दिन पहले 24 जून को सीआईडी की दो टीमों ने रिम्स परिसर और निदेशक कार्यालय में कई घंटों तक जांच-पड़ताल की थी। जांच के दौरान विभिन्न दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की भी जांच की गई।

सूत्रों के अनुसार, सीआईडी की जांच रिम्स में कथित फर्जी नामांकन, टेंडर प्रक्रियाओं और कुछ नियुक्तियों से जुड़े मामलों पर केंद्रित है। हालांकि, जांच एजेंसी की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किया गया है।

डॉ. राजकुमार ने अपने इस्तीफे के संबंध में कोई औपचारिक सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया है। हालांकि, उन्होंने अनौपचारिक बातचीत में अपने ऊपर अनावश्यक दबाव बनाए जाने की बात कही है। उनका कहना रहा है कि उनके कार्यकाल में हुई नियुक्तियां और प्रशासनिक निर्णय संस्थान की नियमावली के अनुरूप थे।

रिम्स झारखंड का सबसे बड़ा सरकारी चिकित्सा संस्थान है और राज्य के स्वास्थ्य ढांचे में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में निदेशक स्तर पर हुए इस बदलाव को प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

नवनियुक्त प्रभारी निदेशक डॉ. डीके सिन्हा रिम्स के सर्जरी विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक और प्राध्यापक हैं। स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें अगले आदेश तक संस्थान के प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी है। इस बीच, रिम्स से जुड़े मामलों की जांच जारी है और स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। ट

--आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम