रांची और जमशेदपुर में एनसीबी की छापेमारी में ड्रग्स सिंडिकेट का खुलासा, छह सदस्य गिरफ्तार
रांची, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने रांची और जमशेदपुर में छापेमारी कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में जिम्मी नाम का व्यक्ति भी शामिल है, जिसे जांच एजेंसी इस नेटवर्क का कथित सरगना मान रही है। एक युवती को भी गिरफ्तार किया गया है, जिस पर मादक पदार्थों की आपूर्ति में शामिल होने का आरोप है।
एनसीबी के मुताबिक, शुरुआती जांच में कोकीन और सिंथेटिक ड्रग्स के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी मिली है। एजेंसी अब गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर इस कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों और मादक पदार्थों की आपूर्ति के स्रोतों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। जांच में अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबरों के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है।
एनसीबी के अनुसार, जिम्मी कथित तौर पर थाईलैंड, ब्रिटेन और अमेरिका के नंबरों का इस्तेमाल करता था। एजेंसी इन नंबरों से जुड़े संपर्कों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका उपयोग किन लोगों से बातचीत करने और नेटवर्क के संचालन के लिए किया जाता था। हालांकि, इन विदेशी संपर्कों की वास्तविक भूमिका और कथित अंतरराष्ट्रीय संबंधों की अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
इस मामले में रांची के कुछ होटल और बार भी जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं। आशंका है कि शहर के कुछ ठिकानों पर कोकीन और सिंथेटिक ड्रग्स की आपूर्ति की जाती थी। हालांकि, इन प्रतिष्ठानों की संलिप्तता को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। एनसीबी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
एजेंसी यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मादक पदार्थ कहां से लाए जाते थे, उनकी आपूर्ति किन लोगों तक की जाती थी और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन शामिल हैं।फिलहाल मामले की जांच जारी है।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी
