रणबीर कपूर की डायलॉग डिलीवरी पर गजेंद्र चौहान ने की टिप्पणी, बोले- फर्क साफ नजर आएगा
मुंबई, 14 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता और एफटीआईआई के पूर्व चेयरमैन गजेंद्र चौहान ने फिल्म 'रामायण' पर अपने विचार शेयर किए हैं। उन्होंने रणबीर कपूर की डायलॉग डिलीवरी और अरुण गोविल के भगवान राम के मशहूर रोल की तुलना की।
गजेंद्र चौहान ने आईएएनएस के साथ बातचीत में अरुण गोविल के काम की सराहना करते हुए कहा कि वे अपने डायलॉग इतने शानदार तरीके से बोलते थे कि ऐसा लगता था जैसे शब्द सीधे भगवान के मुंह से निकले हों, जबकि रणबीर कपूर उन्हें एक एक्टर की तरह बोलते हैं।
उन्होंने कहा, "भगवान के किरदार बहुत बड़ी-बड़ी बातें कहते हैं, जब किसी अभिनेता के मुख से संवाद निकले, तो लगना चाहिए कि भगवान के मुख से संवाद हो रहा है। फिल्म रामायण में रणबीर कपूर एक अभिनेता के तौर पर डायलॉग बोल रहे हैं। जब अरुण गोविल जी ने प्रभु श्री राम का किरदार निभाया था, तो वह भव्यता के साथ बोलते थे और उन्हें सुनकर लगता था कि भगवान के मुख से शब्द निकल रहे हैं, तो यह फर्क आपको नजर आएगा।"
अभिनेता का कहना है कि जब किसी अभिनेता की इंडस्ट्री में उसके काम को लेकर पहले से ही छवि बनी हो, तो उसे इस तरह के किरदार नहीं देने चाहिए। उन्होंने कहा, "मैंने पहले भी कहा है और अब फिर से कहता हूं कि अगर पहले से किसी की दूसरी छवि बनी हुई है, तो उससे आध्यात्मिक किरदार नहीं करवाना चाहिए। क्योंकि उस व्यक्ति की पहले से ही एक छवि बनी हुई है, जिससे दर्शक जल्दी कनेक्ट नहीं कर पाते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "यह मैं फिर से कह रहा हूं कि अरुण गोविल जी ने काफी साल पहले प्रभु श्री राम का रोल निभाया था और आज भी वह लोगों के लिए भगवान श्री राम हैं। रणबीर कपूर बस इस फिल्म तक श्रीराम रहेंगे, फिर जब वह अगली फिल्म करेंगे, तो उस किरदार में चले जाएंगे और उस किरदार के नाम से जाने जाएंगे। क्योंकि वे पहले से ही एक स्टार हैं, उनकी वही छवि बनी हुई है।"
--आईएएनएस
एनएस/एएस
