रामनगरी में भव्य दीपोत्सव की तैयारी तेज, सीईओ जयेंद्र कुमार बोले-सुंदरता बढ़ाने का कार्य जारी
अयोध्या, 17 सितंबर (आईएएनएस)। रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव 2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस साल दीपोत्सव 7 नवंबर को मनाया जाएगा लेकिन उससे पहले ही प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। इस बार आयोजन को और भव्य बनाने की योजना है और मुख्य कार्यक्रम 5 से 7 नवंबर तक चलेंगे।
दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर अयोध्या तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जयेंद्र कुमार ने जानकारी दी। उन्होंने आईएएनएस को बताया, "दीपोत्सव 7 नवंबर को पूरे अयोध्या में मनाया जाएगा, इसके मद्देनजर तेल, बाती और जो भी जरूरी चीजें हैं उसका टेंडर अभी श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद द्वारा निकाला जा रहा है।"
उन्होंने कहा कि महापौर और जनप्रतिनिधियों के साथ इस बारे में चर्चा हो चुकी है। मंडलायुक्त और जिलाधिकारी स्तर पर भी बैठकें की जा चुकी हैं। नगर निगम अयोध्या और श्री अयोध्या तीर्थ विकास परिषद को जो दायित्व दिए गए हैं, चाहे साफ-सफाई का हो, लाइटिंग का हो या सुंदरता बढ़ाने का, वह सब कार्य जारी हैं।
बता दें कि इस बार दीपोत्सव का विस्तार करीब दो किलोमीटर तक करने की तैयारी है। मुख्य आयोजन राम की पैड़ी पर होगा, जहां करीब 28 लाख दीये जलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है। आयोजन को लक्ष्मण घाट से चौधरी चरण सिंह घाट तक विस्तार देने की तैयारी है।
राम की पैड़ी परिसर में घाटों पर नई सीढ़ियां भी बनाई जा रही हैं ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिल सके। दीपोत्सव के दौरान राम की पैड़ी पर लाखों दीयों की रोशनी से पूरा घाट जगमगाएगा, जो हर साल की तरह इस बार भी विश्व रिकॉर्ड बनाने पर जोर होगा।
नगर निगम द्वारा घाटों की साफ-सफाई, लाइटिंग और सौंदर्यीकरण के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि इस बार दीपोत्सव पिछले वर्षों की तुलना में अधिक भव्य और व्यवस्थित हो।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम
