Aapka Rajasthan

झारखंड: रामगढ़-बोकारो एनएच-23 पर सड़क हादसा, ऑटो-बस की टक्कर में दो की मौत, दो घायल

रामगढ़, 24 जून (आईएएनएस)। रामगढ़ जिले में बुधवार देर रात रामगढ़-बोकारो राष्ट्रीय राजमार्ग-23 पर बारलोंग स्थित सम्राट होटल के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक ऑटो और बस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
 
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ की ओर यात्रियों को लेकर आ रहा ऑटो सामने से आ रही बस से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका अगला हिस्सा बस में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए एनएच-23 पर यातायात बाधित हो गया।

सूचना मिलने पर रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल रामगढ़ पहुंचाया गया।

अस्पताल के इमरजेंसी ड्यूटी डॉक्टर कमलेश्वर प्रसाद ने बताया कि चार लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से एक महिला और एक पुरुष को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों में सुकरीगढ़ा निवासी रिया कुमारी शामिल हैं, जो किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने रामगढ़ जा रही थीं। दूसरा मृतक ऑटो चालक है, जिनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है।

हादसे में घायल रविरंजन भारती और अमित कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। दोनों पतरातू रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और राहत कार्य शुरू किया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया, जिन्होंने सड़क सुरक्षा और लापरवाही से वाहन चलाने को हादसे का कारण बताया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ऑटो को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी