Aapka Rajasthan

मुसलमानों को लेकर योग गुरु के बयान का संतों ने किया समर्थन, सांप्रदायिक सद्भाव का किया आग्रह

लखनऊ, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय मुसलमानों के धर्मांतरण पर योग गुरु बाबा रामदेव के बयान का श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के अष्टकौशल महंत डॉ. योगानंद गिरि महाराज सहित कई संतों ने समर्थन किया है। महंत डॉ. योगानंद गिरि महाराज की ओर से सांप्रदायिक सद्भाव का आग्रह किया गया है।
 

लखनऊ, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय मुसलमानों के धर्मांतरण पर योग गुरु बाबा रामदेव के बयान का श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के अष्टकौशल महंत डॉ. योगानंद गिरि महाराज सहित कई संतों ने समर्थन किया है। महंत डॉ. योगानंद गिरि महाराज की ओर से सांप्रदायिक सद्भाव का आग्रह किया गया है।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए महंत डॉ. योगानंद गिरि महाराज ने कहा, "बाबा रामदेव का बयान सत्य है, देश में जितने भी मुस्लिम हैं, वे सभी कन्वर्टेड मुसलमान हैं। अगर इनकी जांच कराई जाए तो इनके दादा या परदादा हिन्दू ही निकलेंगे। इस्लाम कबूल कराने के लिए मुगल आक्रांताओं ने जिस तरह से लोगों को प्रताड़ित किया था, उससे डरकर लोगों ने इस्लाम कबूल किया, जिसकी वजह से देश में बड़े पैमाने पर मुस्लिम समुदाय की आबादी बढ़ी है।"

डॉ. योगानंद गिरि महाराज ने कहा, "मुस्लिम देश यहां के मुसलमानों को मुस्लिम नहीं मानते हैं। चीन में भी मुस्लिमों का उत्पीड़न किया जा रहा है। भारतीय मुसलमानों के पूर्वज हिंदू थे लेकिन ओवैसी जैसे कुछ लोग हैं, जो आपसी सौहार्द्र और भाईचारे को खत्म करने का प्रयास कर रहे हैं। आपसी भाईचारे को बनाकर रहना चाहिए।"

जगद्गुरु परमहंस आचार्य जी महाराज ने कहा, "बाबा रामदेव ने बहुत ही सत्य बात कही है, जो इसको समझ जाएगा, उसका जीवन सुधर जाएगा। देश में जितने भी मुस्लिम हैं, इनके पूर्वज राम-कृष्ण ही हैं। सभी सनातनी हैं और सबके पूर्वज हिंदू हैं। जिस दिन ये लोग घर वापसी कर लेंगे, इनके सारे गुनाह माफ हो जाएंगे। इनका सारा पाप उसी दिन खत्म हो जाएगा। असदुद्दीन ओवैसी अपने समुदाय के लोगों को गुमराह कर रहे हैं।"

जगद्गुरु राम दिनेश आचार्य ने कहा, "सनातन सबसे प्राचीन धर्म है और बाकी धर्म बाद में आए हैं। बाद में कुछ लोगों ने अपना धर्म परिवर्तन कर लिया। मेरा मानना है कि वे भी हिंदू ही हैं। बाबा रामदेव का बयान ठीक और तर्क संगत है। हम सब सनातनी हैं। इसके बाद सारे द्वंद समाप्त हो जाते हैं।"

--आईएएनएस

एसडी/पीएम