परिसीमन बिल का समर्थन करें स्टालिन, महिलाओं का होगा सशक्तीकरण : आठवले
चेन्नई, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने बुधवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से परिसीमन बिल का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस बिल का मकसद महिलाओं को सशक्त बनाना है और यह किसी खास क्षेत्र के खिलाफ नहीं है।
उनका यह बयान तब आया जब स्टालिन ने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है। स्टालिन ने कहा था कि अगर केंद्र के प्रस्ताव के कारण दक्षिणी राज्यों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व कम होता है और उत्तरी राज्यों का बढ़ जाता है, तो यह विरोध प्रदर्शन पूरे राज्य को ठप कर सकता है।
आईएएनएस से से बातचीत करते हुए आठवले ने कहा कि मेरी पार्टी का रुख साफ है, हम इस बिल का समर्थन करते हैं। मैं भारतीय रिपब्लिकन पार्टी का प्रतिनिधित्व करता हूं और एनडीए का हिस्सा हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं को और अधिक समर्थन देना चाहती है। इसलिए, महिलाओं के लिए लगभग 273 सीटें आरक्षित होने की उम्मीद है। फिलहाल संसद में 543 सीटें हैं और अगर यह बिल पास हो जाता है, तो बढ़ी हुई सीटों का एक बड़ा हिस्सा महिलाओं को आवंटित किया जाएगा।
उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि लोकसभा सीटों के प्रस्तावित विस्तार का मकसद दक्षिणी राज्यों को नुकसान पहुंचाना नहीं है। उन्होंने कहा कि सीटों की संख्या बढ़ेगी और अगर लोकसभा की संख्या बढ़कर लगभग 850 या 860 हो जाती है, तो निर्वाचन क्षेत्र छोटे हो जाएंगे, जिससे बेहतर प्रतिनिधित्व सुनिश्चित होगा। यह तमिलनाडु या दक्षिण भारत के लोगों के खिलाफ कोई कदम नहीं है।
स्टालिन से व्यक्तिगत अपील करते हुए आठवले ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल के दौरान उनकी पार्टी भी एनडीए का हिस्सा थी। मैं उनसे इस बिल का समर्थन करने की अपील करता हूं क्योंकि इसे पूरे देश की महिलाओं को फायदा पहुंचाने के लिए बनाया गया है।
वहीं, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने एक्स पर लिखा कि कुछ लोग गलत परिसीमन के आंकड़े देकर दक्षिणी भारतीय राज्यों को महिला आरक्षण के मुद्दे पर गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण देने के मामले में कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। सभी राजनीतिक दल 'नारी शक्ति' के लिए एकजुट हैं।
दक्षिणी राज्यों ने यह आशंका जताई है कि जनसंख्या आधारित परिसीमन से संसद में उनका प्रतिनिधित्व कम हो सकता है।
--आईएएनएस
डीकेएम/पीएम
