Aapka Rajasthan

राम नवमी की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राम नवमी की पूर्व संध्या पर समस्त देशवासियों और विदेशों में रह रहे भारतीयों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी है।
 
राम नवमी की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राम नवमी की पूर्व संध्या पर समस्त देशवासियों और विदेशों में रह रहे भारतीयों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी है।

राष्ट्रपति भवन से जारी अपने संदेश में राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा, "राम नवमी के शुभ अवसर पर, मैं सभी देशवासियों और विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देती हूं।"

उन्होंने आगे कहा कि राम नवमी का पावन त्योहार मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। भगवान राम की महान जीवन यात्रा आज भी मानव जाति को सत्य, न्याय, कर्तव्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।

राष्ट्रपति ने अपने संदेश में जोर देते हुए कहा, "भगवान श्री राम का जीवन हमें समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करता है। उनके आदर्श हमारी संस्कृति की नींव हैं। हमें उन आदर्शों के अनुरूप जीवन जीने का निरंतर प्रयास करना चाहिए।"

उन्होंने अपील की कि इस पावन अवसर पर हम सभी भगवान श्री राम की महान गाथा की शिक्षाओं को आत्मसात करें और अपने विचारों, शब्दों और कार्यों से राष्ट्र की सेवा करने का दृढ़ संकल्प लें।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राम नवमी के इस शुभ अवसर पर देश में शांति, समृद्धि और सद्भावना की कामना भी की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भगवान राम की कृपा से हर भारतीय के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आए।

राम नवमी हिंदू धर्म का प्रमुख त्योहार है, जिसे देश भर में भव्य रूप से मनाया जाता है। इस दिन भगवान राम के जन्मोत्सव के साथ-साथ सत्य और धर्म की जीत का उत्सव भी मनाया जाता है। राम नवमी के अवसर पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, रामलीला और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाता है।

राष्ट्रपति का यह संदेश ऐसे समय में आया है जब पूरा देश राम नवमी के उत्साह के साथ तैयारी कर रहा है। देश के कोने-कोने में राम भक्त इस पावन पर्व को धूमधाम से मनाने की तैयारियां कर रहे हैं।

भगवान राम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और न्याय को अपनाने की बात करते हुए राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि इन मूल्यों को अपनाकर ही हम एक बेहतर समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।

--आईएएनएस

एससीएच