राम मंदिर ट्रस्ट ने प्रतिष्ठा द्वादशी के प्रस्तावित पांच दिवसीय कार्यक्रम को जारी किया
अयोध्या, 18 दिसंबर (आईएएनएस)। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के दो साल पूरे होने वाले हैं। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी, 2024 को हुई थी। इस उपलक्ष्य में प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ प्रतिष्ठा द्वादशी के रूप में मनाई जाएगी और इससे जुड़े कार्यक्रम 29 दिसंबर से लेकर 2 जनवरी 2026 तक चलेंगे।
राम मंदिर ट्रस्ट की तरफ से प्रतिष्ठा द्वादशी का पांच दिवसीय प्रस्तावित कार्यक्रम जारी किया गया है, जिसमें मानस पाठ और कथा का आयोजन प्रात:काल से लेकर सायंकाल तक पांचों दिन किया जाएगा।
प्रतिष्ठा द्वादशी कार्यक्रम में मानस पाठ और कथा के अलावा, विभिन्न सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी रखा गया है। मानस पाठ और कथा का आयोजन रात के 9 बजे से होगा।
राम मंदिर ट्रस्ट से जारी की गई जानकारी के मुताबिक 29 दिसंबर को जगद्गुरु रामानंदाचार्य और स्वामी राम दिनेशाचार्य सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक मानस पाठ और कथा करेंगे। इसके बाद शाम 5.30 बजे से गुरु घासीदास विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़ रामलीला की प्रस्तुति करेंगे।
31 दिसंबर को सुबह 8 से दोपहर 12.30 बजे तक मानस पाठ किया जाएगा। दोपहर 1 से 3 बजे तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उद्घाटन सत्र कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 6 बजे से कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। 1 जनवरी की शुरुआत भी कथा और मानस पाठ से होगी। शाम को 6 से 9 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिसमें सुर सम्राट अनूप जलोटा और तृप्ति शाक्या अपनी प्रस्तुति फिरोजाबाद के मयूरी डांस ग्रुप के साथ देंगे। मयूरी डांस ग्रुप भगवान राम की कथा पर आधारित नृत्य नाटिका भी प्रस्तुत करेगा।
2 जनवरी को भी कथा और मानस पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में सिंगर सुरेश वाडेकर और संजोली पांडेय अपनी प्रस्तुति देंगे। उनके साथ दिल्ली का शालीना चतुर्वेदी ग्रुप कथक नृत्य नाटिका की प्रस्तुति देगा।
प्रतिष्ठा द्वादशी के लिए अभी से अयोध्या और राम मंदिर को सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए भी मंदिर की ओर से खास इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रतिष्ठा द्वादशी के मौके पर मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी, जिसको लेकर प्रशासन ने भी अपनी तैयारी शुरू कर दी है।
--आईएएनएस
पीएस/एबीएम
