Aapka Rajasthan

राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक सौहार्दपूर्ण, सही दिशा में जांच, भ्रम फैलाने वालों से रहें सावधान : सुरेंद्र जैन

नई दिल्ली, 6 जुलाई (आईएएनएस)। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक में सोमवार को एक बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया गया। ट्रस्ट ने महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार कर लिए हैं। उनके स्थान पर ट्रस्टी कृष्ण मोहन को नियमित नियुक्ति होने तक कार्यवाहक महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैठक में ट्रस्ट की कार्यप्रणाली, चल रही जांच और भविष्य की व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। फैसले के बाद विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) और संत समाज की ओर से प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
 

नई दिल्ली, 6 जुलाई (आईएएनएस)। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक में सोमवार को एक बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया गया। ट्रस्ट ने महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार कर लिए हैं। उनके स्थान पर ट्रस्टी कृष्ण मोहन को नियमित नियुक्ति होने तक कार्यवाहक महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैठक में ट्रस्ट की कार्यप्रणाली, चल रही जांच और भविष्य की व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। फैसले के बाद विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) और संत समाज की ओर से प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।

दिल्ली में विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता सुरेंद्र जैन ने बताया कि ट्रस्ट की बैठक बेहद सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार किए गए। साथ ही, ट्रस्टी कृष्ण मोहन से अनुरोध किया गया कि नियमित महासचिव की नियुक्ति होने तक वे कार्यवाहक महासचिव के रूप में जिम्मेदारियां संभालें। ट्रस्ट के सभी सदस्य मौजूदा जांच प्रक्रिया से संतुष्ट हैं और उनका मानना है कि जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। यदि किसी के पास कोई तथ्य, दस्तावेज या सबूत हैं तो उन्हें सार्वजनिक भ्रम फैलाने के बजाय सीधे जांच अधिकारी या एसआईटी के समक्ष प्रस्तुत करें, ताकि जांच निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से पूरी हो सके।

सुरेंद्र जैन ने कहा कि राम मंदिर से जुड़े मुद्दे पर समाज में भ्रम और विभाजन पैदा करने का प्रयास नहीं होना चाहिए। हिंदू समाज ऐसे किसी भी प्रयास को स्वीकार नहीं करेगा, जो भगवान राम का अपमान करने या समाज को बांटने का माध्यम बने। ट्रस्ट ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक सर्च कमेटी का गठन किया है। यह समिति न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली की अध्यक्षता में नियमित मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की तलाश करेगी। समिति देशभर से ऐसे योग्य और पूर्णकालिक व्यक्ति का चयन करेगी, जो राम मंदिर ट्रस्ट के प्रशासनिक कार्यों का प्रभावी ढंग से संचालन कर सके।

राम मंदिर में चढ़ाए गए आभूषणों और दान सामग्री को लेकर उठ रहे सवालों पर सुरेंद्र जैन ने स्पष्ट कहा कि ट्रस्ट के पास मौजूद सभी आभूषण पूरी तरह सुरक्षित हैं। यदि किसी श्रद्धालु को यह संदेह है कि उनके द्वारा चढ़ाया गया कोई आभूषण गायब है, तो वह अयोध्या जाकर ट्रस्टियों से समय लेकर स्वयं उसका सत्यापन कर सकता है। चांदी से संबंधित सामग्री को सरकारी नियमों के तहत गलाकर सरकारी मिंट में सुरक्षित रखा गया है। एक ग्राम भी सामग्री इधर-उधर नहीं हुई है। यदि जांच के दौरान कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का पूरा राजनीतिक जीवन भ्रष्टाचार के आरोपों से जुड़ा रहा है, इसलिए उन्हें हर जगह भ्रष्टाचार ही दिखाई देता है। यदि राम मंदिर को लेकर लोगों का विश्वास कम हुआ होता तो दर्शनार्थियों की संख्या घटती, जबकि ऐसा नहीं हुआ है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में लगातार रामलला के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे जनता का ट्रस्ट पर भरोसा स्पष्ट होता है। भारत में यह एक अनूठा उदाहरण है कि जिन लोगों पर आरोप लगे, उन्होंने स्वयं एसआईटी जांच की मांग की। इस प्रकार की पारदर्शिता अन्य राजनीतिक दलों में देखने को नहीं मिलती।

अयोध्या में महंत कमल नयन दास महाराज ने बताया कि कृष्ण मोहन को कार्यवाहक महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैठक में अनिल मिश्रा को लेकर कोई विशेष चर्चा नहीं हुई, जबकि संगठनात्मक जिम्मेदारियों के सुचारु संचालन पर विशेष जोर दिया गया।

महंत नृत्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी कमल नयन दास जी महाराज ने कहा कि ट्रस्ट की बैठक के दौरान चंपत राय ने मौजूदा परिस्थितियों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपना इस्तीफा सौंपा था। उन्होंने बताया कि बैठक में मौजूद अधिकांश ट्रस्टी उनका इस्तीफा स्वीकार करने के पक्ष में नहीं थे, लेकिन अंततः संगठनात्मक आवश्यकता को देखते हुए इसे स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद ट्रस्ट के कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए कृष्ण मोहन को कार्यवाहक महासचिव नियुक्त किया गया।

मुंबई में ट्रस्ट सदस्य महंत दिनेन्द्र दास महाराज ने भी पुष्टि की कि ट्रस्ट ने चंपत राय और अनिल मिश्रा दोनों के इस्तीफे स्वीकार कर लिए हैं तथा कृष्ण मोहन को नई जिम्मेदारी दी गई है।

--आईएएनएस

पीएसके/एबीएम