Aapka Rajasthan

'राम मंदिर मुद्दे पर घड़ियाली आंसू बहा रहीं सपा-कांग्रेस', अजय आलोक ने सीएम योगी के बयान का किया समर्थन

पटना, 7 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता अजय आलोक ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सपा और कांग्रेस पर की गई टिप्पणियों का समर्थन किया। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर रंग बदलने और घड़ियाली आंसू बहाने का आरोप लगाया।
 

पटना, 7 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता अजय आलोक ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सपा और कांग्रेस पर की गई टिप्पणियों का समर्थन किया। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर रंग बदलने और घड़ियाली आंसू बहाने का आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर राम मंदिर के मुद्दे पर रुख बदलने के आरोपों पर अजय आलोक ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "दोनों दलों का रवैया समय-समय पर बदलता रहा है। पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस राम मंदिर निर्माण का विरोध करती थीं, जबकि अब वे स्वयं को रामभक्त के रूप में प्रस्तुत कर रही हैं। वक्फ की संपत्तियों पर करोड़ों रुपए का घोटाला होता आया है, लेकिन विपक्ष ने कभी भी इस मुद्दे पर नहीं बोला, क्योंकि उनके भाईजान नाराज हो जाएंगे।"

राजस्थान में कांग्रेस द्वारा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) से संबंधित बैठक का बहिष्कार किए जाने पर भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कहा, "समान नागरिक संहिता का उल्लेख भारतीय संविधान के नीति-निर्देशक तत्वों में किया गया है और इस विषय पर चर्चा से दूरी बनाना संविधान की भावना के अनुरूप नहीं है। बार-बार बैठक का बहिष्कार करना कांग्रेस के विरोधाभासी रुख को दर्शाता है।"

कांग्रेस की आंतरिक राजनीति पर टिप्पणी करते हुए अजय आलोक ने कहा, "पार्टी केवल पंजाब ही नहीं, बल्कि देश के लगभग सभी राज्यों में गुटबाजी का सामना कर रही है। नेतृत्व की कमजोरी के कारण पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ा है और पुराने एवं वर्तमान नेतृत्व के समर्थकों के बीच मतभेद लगातार सामने आ रहे हैं।"

बांकीपुर विधानसभा सीट से जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के संभावित उपचुनाव लड़ने और अभिनेता-राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा के समर्थन के सवाल पर अजय आलोक ने कहा, "लोकतंत्र में चुनाव लड़ना सभी का अधिकार है। हालांकि, बिहार की जनता पहले ही शत्रुघ्न सिन्हा को राजनीतिक रूप से नकार चुकी है, इसलिए उनके समर्थन का कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ेगा।"

पश्चिम बंगाल के पाठ्यक्रम में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी से संबंधित अध्याय शामिल किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा, "मुखर्जी का जीवन और योगदान नई पीढ़ी तक पहुंचना चाहिए। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को मैं बधाई देता हूं कि उन्होंने यह फैसला लिया।"

अजय आलोक ने ढाका में आयोजित एक सेमिनार में जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा बताए जाने संबंधी प्रश्न पर कहा, "यह विषय भारत के विदेश मंत्रालय के संज्ञान में है, और वही इस पर आधिकारिक प्रतिक्रिया देगा। भारत की संप्रभुता और अखंडता पर किसी भी प्रकार का दावा स्वीकार्य नहीं है।"

उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा हाफिज सईद को आरोपी बनाए जाने पर कहा कि आरोपी बनाने से क्या होगा, हाफिज सईद भारत आकर सरेंडर तो कर नहीं रहा है। हमारी उम्मीद है कि जैसे पाकिस्तान में आतंकी मारे जा रहे हैं, कोई न कोई इन्हें भी अल्लाह के पास भेज दे।"

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी