Aapka Rajasthan

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला पूरी दुनिया के सामने उजागर हो गया है: आनंद दुबे

मुंबई, 28 सितंबर (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे ने आतंकवाद, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले, आईआईटी बॉम्बे के छात्र की मौत के मामले और दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा पर कथित हमले पर प्रतिक्रिया दी और निष्पक्ष जांच की मांग की।
 

मुंबई, 28 सितंबर (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे ने आतंकवाद, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले, आईआईटी बॉम्बे के छात्र की मौत के मामले और दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा पर कथित हमले पर प्रतिक्रिया दी और निष्पक्ष जांच की मांग की।

आनंद दुबे ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के गवाह मदन गोपाल के बयान पर कहा, "चढ़ावा चोरी का मामला पूरी दुनिया के सामने उजागर हो गया है। सीसीटीवी फुटेज में भी दिख रहा है और भी बहुत सारे गवाह भी सामने आ रहे हैं। मदन ने जो कहा है, वह सही बात है कि लोग चोरियां करते थे। इसकी पूरी जांच होनी चाहिए, इस पर कार्रवाई होनी चाहिए, दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। यही हमारी मांग है, यही सनातनियों की मांग है, यही समस्त हिंदू समाज की मांग है।"

शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर कहा, "आतंकवाद पूरी दुनिया के लिए एक बीमारी बन चुका है। भारत ने तो बहुत सहा है। आजादी के बाद से लगातार पाकिस्तान ने हमारे देश में आतंकवादी गतिविधियां तेज करने की कोशिश की। प्रधानमंत्री हों, गृह मंत्री हों, सभी का ध्यान उसी तरफ है कि हम कैसे आतंकवाद को खत्म करें। हमें लगता है कि हमारी सेना तत्पर है, सावधान है और सेना सजग है। जब उन्हें ऑर्डर मिलेगा, वो पाकिस्तान को उसके घर में घुसकर जवाब देगी। पाकिस्तान की कमर भी तोड़ेंगे। जैसे-जैसे समय बीतेगा, आप देखेंगे कि एक दिन हम इस पर जरूर विजय पाएंगे।"

आनंद दुबे ने दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा की ओर से युवक को थप्पड़ मारने पर कहा, "लोकतंत्र में लोगों की सेवा करना, लोगों का काम करना, यही हम राजनेताओं का काम होता है। जिस प्रकार वीडियो में दिख रहा है कि प्रवेश वर्मा, जो एक मंत्री भी हैं, और सड़क डिपार्टमेंट उन्हीं के पास है, खराब सड़कों के लिए ही सवाल के उनको जवाब देने हैं और उसी चक्कर में वो थप्पड़ मार रहे हैं। बताइए, क्या आम आदमी अपने मंत्री से सवाल नहीं पूछ सकता? आम आदमी, मीडिया से सवाल पूछ सकता है, मंत्री से सवाल पूछ सकता है, किसी से भी सवाल पूछ सकता है, जवाब देना नहीं देना आपके हाथ में है, लेकिन आप हिंसा नहीं कर सकते, आप अराजकता नहीं फैला सकते। बहुत दुर्भाग्य है कि दिल्ली में बीजेपी की इतनी प्रचंड, इतनी बहुमत की सरकार है फिर भी उनको अभी भी लोगों को थप्पड़ मारने पड़ रहे हैं।"

आईआईटी बॉम्बे के छात्र की मौत के मामले पर आनंद दुबे ने कहा, "परिवार के लोग बच्चे की मौत पर भूख हड़ताल कर सकते हैं लेकिन जब तक पुलिस की रिपोर्ट सामने नहीं आती है, हम सच और झूठ नहीं बता पाएंगे। लोगों की अलग-अलग बातें हैं। मेरा मानना है कि इस पर हम लोगों को थोड़ा इंतजार करना चाहिए।"

--आईएएनएस

एसडी/वीसी