Aapka Rajasthan

राम मंदिर दान मामले में सपा प्रवक्ता उदयवीर सिंह ने सरकार को घेरा, ट्रस्ट भंग करने की उठाई मांग

लखनऊ, 2 जुलाई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता उदयवीर सिंह ने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि राम मंदिर दान चोरी के मामले में वकीलों को अब मोर्चा संभालना पड़ रहा है। गुरुवार को अयोध्या में भारी संख्या में वकीलों ने मार्च निकाला और चंपत राय, गोपाल राव और अनिल मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
 

लखनऊ, 2 जुलाई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता उदयवीर सिंह ने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि राम मंदिर दान चोरी के मामले में वकीलों को अब मोर्चा संभालना पड़ रहा है। गुरुवार को अयोध्या में भारी संख्या में वकीलों ने मार्च निकाला और चंपत राय, गोपाल राव और अनिल मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

वकीलों ने चेतावनी दी है कि अगर इन तीनों पर एफआईआर दर्ज नहीं होती है तो वे सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता उदयवीर सिंह आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि यह बेहद घृणित अपराध है। राम के नाम पर जमा चंदे की चोरी हो रही है, फिर भी सरकार कार्रवाई नहीं कर रही है। यह साफ दिखाता है कि सरकार कितनी निकृष्ट और पक्षपाती है।

सपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि बड़े-बड़े लोग इस घोटाले में शामिल हैं, इसलिए सरकार उन्हें बचाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि या तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इनके साथ साझेदार हैं या फिर इनकी ताकत के आगे घुटने टेक चुके हैं।

उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री को भाषण देने की जरूरत नहीं है, उन्हें कार्रवाई करके दिखानी चाहिए। अगर उनमें राम भक्ति और हिम्मत होती तो चोरी की खबर आते ही उसी दिन एफआईआर दर्ज हो जाती। सभी बड़े नामजद लोगों के खिलाफ कार्रवाई होती और आज तक सारा चंदा-चढ़ावा रिकवर भी हो चुका होता।

उदयवीर सिंह ने राम मंदिर ट्रस्ट पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि जिस ट्रस्ट के बड़े अधिकारियों पर चोरी का आरोप है, उस ट्रस्ट की बैठक करने का कोई मतलब नहीं है। उन्होंने मांग की कि सबसे पहले ट्रस्ट भंग किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि ट्रस्ट के संचालन के दौरान इतनी बड़ी घटना हुई है, इसलिए अब ट्रस्ट की कोई विश्वसनीयता नहीं बची है।

सपा प्रवक्ता ने यह भी कहा कि भाजपा हमेशा से किसान, मजदूर और युवाओं के मुद्दों पर गलत नीतियां अपनाती रही है। मनरेगा से लेकर पेपर लीक तक की घटनाएं इसी मानसिकता का नतीजा हैं।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी