राम मंदिर चंदा चोरी मामले में दोषियों पर होगी कार्रवाई, यूसीसी का पूर्ण समर्थन : पूर्णिमा चक्रवर्ती
कोलकाता, 26 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती ने राम मंदिर चंदा चोरी मामले, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर पश्चिम बंगाल विधानसभा में चर्चा के प्रस्ताव और नकताला मामले में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि धर्म से जुड़े अपराध बेहद निंदनीय हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यूसीसी को देश की एकता और समान व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम बताया।
उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल से जुड़ी चोरी या भ्रष्टाचार की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। सरकार ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। धार्मिक स्थल में इस तरह का काम बहुत ही निंदनीय है। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। जहां तक कार्रवाई का सवाल है, वहां की सरकार और प्रशासन ऐसे मामलों में किसी भी तरह की अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेंगे। जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर चर्चा का प्रस्ताव रखे जाने के सवाल पर मंत्री ने इसे देश की एकता और समानता की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से देश में 'एक देश, एक संविधान, एक विधान और एक निशान' की अवधारणा को लेकर चर्चा होती रही है और अब यह सपना साकार होने की दिशा में आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है। यह केवल किसी एक राजनीतिक दल का सपना नहीं था, बल्कि देश के बहुत से लोगों की इच्छा रही है कि पूरे देश में एक समान व्यवस्था हो। अलग-अलग व्यवस्थाओं के कारण आम जनता को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अब एक समान व्यवस्था की ओर बढ़ना देश के लिए सकारात्मक कदम है और इससे आम लोगों को भी लाभ मिलेगा। यूसीसी को लेकर देश के आम नागरिकों में उत्साह है और लोग इसे समान अधिकारों और एकरूपता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देख रहे हैं।
नकताला मामले को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है और कई आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। कानून के दायरे में रहते हुए दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। आपने देखा होगा कि कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वर्तमान सरकार किसी भी अपराधी, भ्रष्टाचारी या कानून तोड़ने वाले व्यक्ति को संरक्षण नहीं देती। जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होगी।
नकताला मामले में तृणमूल कांग्रेस नेता फिरहाद हकीम की कथित भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर पूर्णिमा चक्रवर्ती ने उन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि फिरहाद हकीम को लेकर समय-समय पर कई तरह के विवाद सामने आते रहे हैं। लेकिन पूर्ववर्ती राजनीतिक परिस्थितियों में कई मामलों में कार्रवाई नहीं हो पाती थी। अब कानून का शासन स्थापित है और किसी भी दोषी व्यक्ति को केवल राजनीतिक प्रभाव के आधार पर बचाया नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में कानून सर्वोपरि है और सरकार की प्राथमिकता भ्रष्टाचार, अपराध और अनियमितताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है। मंत्री ने दावा किया कि अब शासन व्यक्तियों के प्रभाव से नहीं बल्कि कानून के अनुसार चल रहा है और यही कारण है कि किसी भी मामले में जांच एजेंसियां स्वतंत्र रूप से कार्रवाई कर रही हैं।
--आईएएनएस
पीएसके/एबीएम
