राम मंदिर चढ़ावा मामले में जांच जारी, दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा : सूर्य प्रताप शाही
नई दिल्ली, 8 जुलाई (आईएएनएस)। श्री राम जन्मभूमि मंदिर चढ़ावा गबन के आरोपों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश के मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा है कि मामले की जांच के लिए सीएम योगी ने विशेष जांच दल (एसआईटी) को जिम्मेदारी सौंपी है। जांच प्रक्रिया के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जो लोग शामिल पाए गए हैं, उनके खिलाफ कदम उठाए जा चुके हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से भी बैठक की गई है, जिसमें मामले से जुड़ी कई जानकारियों को स्पष्ट किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार और ट्रस्ट दोनों ही इस विषय को गंभीरता से ले रहे हैं। दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, चाहे उसकी पहचान या प्रभाव कितना भी बड़ा क्यों न हो।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जांच में पूरी पारदर्शिता रखी जाए और तथ्यों के आधार पर निर्णय लिया जाए। मंदिर से जुड़े मामलों में लोगों की आस्था को देखते हुए सरकार किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतेगी।
वहीं मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने राज्य सरकार की शिक्षा से जुड़ी एक नई योजना की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी से माध्यमिक और बेसिक स्कूलों के शिक्षकों, शिक्षा मित्रों और इंस्ट्रक्टरों के लिए कैशलेस इलाज योजना की शुरुआत करेंगे। इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों और उनके परिवार के सदस्यों को पांच लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।
इसी बीच बिहार के कैमूर जिले में राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के प्रदेश अध्यक्ष और दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने दीजि, अगर जांच में कोई दोषी पाया जाता है, तो उनके खिलाफ संविधान और कानून के प्रावधानों के मुताबिक उचित कार्रवाई जरूर की जाएगी. अंतिम फैसला कोर्ट का है।"
उन्होंने कहा कि जहां तक राम मंदिर में चढ़ावा की कथित चोरी का सवाल है, सरकार ने एक जांच समिति बनाई है। हमें जांच रिपोर्ट का इंतज़ार करना चाहिए। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके ख़िलाफ़ उचित कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम
