रामचरण के जन्मदिन पर चिरंजीवी ने लुटाया प्यार, बोले-संस्कार और अनुशासन ही तुम्हारी असली पहचान
मुंबई, 27 मार्च (आईएएनएस)। साउथ सिनेमा के सुपरस्टार रामचरण ने अपनी मेहनत और लगन से सिर्फ साउथ सिनेमा में ही नहीं बल्कि अंतर्राष्ट्रीय पहचान बनाई है। शुक्रवार को अभिनेता अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर उनके पिता और मेगास्टार चिरंजीवी ने खास अंदाज में जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
चिरंजीवी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर राम के बचपन की कुछ यादगार तस्वीरें पोस्ट कीं। इसमें राम चिरंजीवी के साथ के कुछ यादगार पल शामिल हैं। चिरंजीवी ने रामचरण को प्यार से 'चरण बाबू' कहकर संबोधित किया। उन्होंने लिखा, "चरण बाबू....बचपन में मेरा हाथ पकड़कर चलने से लेकर आज कई लोगों के लिए प्रेरणा बनने तक, आपने जीवन के हर मोड़ पर मुझे गर्व महसूस करवाया है।"
चिरंजीवी ने आगे लिखा, "तुम अपने करियर और निजी जिंदगी को कितने अच्छे से संभालते हो, परिवार के प्रति तुम्हारी जिम्मेदारी, भगवान में तुम्हारी आस्था, अनुशासन और अच्छे संस्कार ये सब देखकर मेरे दिल में तुम्हारे लिए प्यार और सम्मान हर बार और बढ़ जाता है।"
चिरंजीवी ने अपनी पोस्ट में भगवान से आशीर्वाद और रामचरण के लाखों चाहने वालों के प्यार की कामना भी की। उन्होंने लिखा, "भगवान का आशीर्वाद और तुम्हारे फैंस का प्यार हमेशा तुम्हें आगे बढ़ने की ताकत देता रहे। जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं, प्रिय रामचरण।"
रामचरण एक ऐसे परिवार से ताल्लुक रखते हैं, जो लंबे समय से सिनेमा में अपना योगदान देता आया है। रामचरण अभिनेता मेगास्टार चिरंजीवी और सुरेखा कोंडेला के बेटे हैं।
रामचरण ने 2007 में पुरी जगन्नाथ की फिल्म 'चिरुथा' से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में काम किया था और 'मगधीर', 'रंगस्थलम', 'ध्रुव' जैसी कई हिट फिल्में दी जिसे सिर्फ साउथ सिनेमा में ही बल्कि पूरे भारतवर्ष ने पसंद किया था।
हालांकि, एसएस राजामौली की 'आरआरआर' ने उन्हें ग्लोबल स्टार बना दिया था। अभिनेता रामचरण जल्द ही फिल्म पेड्डी में नजर आएंगे।
बुची बाबू द्वारा निर्देशित और लिखित फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता एआर रहमान ने दिया है। वहीं, वेंकट सतीश किलारू 'वृद्धि सिनेमाज' के बैनर तले फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं। मैत्री मूवी मेकर्स और सुकुमार राइटिंग्स इसे प्रस्तुत कर रहे हैं। यह फिल्म 30 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
--आईएएनएस
एनएस/पीएम
