Aapka Rajasthan

रक्षाबंधन: जगदंबिका पाल को बहनों ने बांधी राखी, इमरान मसूद ने भी निभाया रिश्ता

सिद्धार्थनगर/सहारनपुर, 28 अगस्त (आईएएनएस)। रक्षाबंधन के पर्व पर उत्तर प्रदेश में भाई-बहन के प्रेम और विश्वास की कई तस्वीरें सामने आईं। सिद्धार्थनगर में डुमरियागंज के भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने सैकड़ों बहनों के साथ रक्षाबंधन मनाया, जबकि सहारनपुर में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने अपनी मुंहबोली बहन पूजा भाटिया से राखी बंधवाकर 31 साल पुराने भाई-बहन के रिश्ते को कायम रखा।
 

सिद्धार्थनगर/सहारनपुर, 28 अगस्त (आईएएनएस)। रक्षाबंधन के पर्व पर उत्तर प्रदेश में भाई-बहन के प्रेम और विश्वास की कई तस्वीरें सामने आईं। सिद्धार्थनगर में डुमरियागंज के भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने सैकड़ों बहनों के साथ रक्षाबंधन मनाया, जबकि सहारनपुर में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने अपनी मुंहबोली बहन पूजा भाटिया से राखी बंधवाकर 31 साल पुराने भाई-बहन के रिश्ते को कायम रखा।

रक्षाबंधन के अवसर पर सिद्धार्थनगर के महंत अवैद्यनाथ ऑडिटोरियम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सांसद जगदंबिका पाल को राखी बांधी। सांसद ने महिलाओं को अपनी बहन और परिवार का हिस्सा बताते हुए उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने महिलाओं का अभिवादन किया और मिठाइयां व उपहार देकर सम्मान किया। कार्यक्रम में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा के बारे में भी जानकारी दी गई।

जगदंबिका पाल ने रक्षाबंधन को भाई-बहन के रिश्ते से जुड़ा बेहद भावनात्मक और पवित्र त्योहार बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया में शायद ही कोई दूसरा ऐसा त्योहार हो, जहां भाई-बहन के रिश्ते को एक पवित्र धागे से आने वाली पीढ़ियों तक जोड़ने की भावना दिखाई देती हो। जब बहन भाई की कलाई पर राखी बांधती है तो भाई उसकी रक्षा का वचन देता है। बड़ी संख्या में महिलाओं ने उन्हें राखी बांधी और उन्हें इस बात का संतोष है कि ये महिलाएं उन्हें अपना भाई मानती हैं। उन्हें विश्वास है कि वे उनके भविष्य के लिए काम करेंगे।

वहीं, सहारनपुर में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने अपनी मुंहबोली बहन पूजा भाटिया के साथ रक्षाबंधन मनाया। दोनों का भाई-बहन का यह रिश्ता करीब 31 साल पुराना है। हर वर्ष रक्षाबंधन पर पूजा भाटिया, इमरान मसूद को राखी बांधती हैं और इस बार भी यह परंपरा जारी रही।

इमरान मसूद ने बताया कि वह पिछले 31 वर्षों से पूजा से राखी बंधवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूजा का कोई भाई नहीं था, तब उन्होंने उससे कहा था कि वह उसके भाई हैं। इसके बाद दोनों के बीच भाई-बहन का यह रिश्ता लगातार मजबूत होता गया। अब इस रिश्ते को लंबा समय हो चुका है और वह हर साल रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी बहन के पास आते हैं। पूजा को भी इस दिन का इंतजार रहता है।

पूजा भाटिया ने भी इस रिश्ते को लेकर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि यह रिश्ता जीवन भर इसी तरह बना रहे। यह रिश्ता अचानक बना था। जब उन्होंने कहा था कि उनका कोई भाई नहीं है, तब इमरान मसूद ने भाई बनने की बात कही थी। इसके बाद से हर साल रक्षाबंधन पर वह उन्हें राखी बांधती हैं।

--आईएएनएस

पीएसके/एबीएम