राज्यसभा चुनाव में कलंकित करने वाला काम हुआ : अखिलेश सिंह
पटना, 20 मार्च (आईएएनएस)। बिहार की पांच राज्यसभा सीटों पर हाल ही में संपन्न हुए चुनाव में महागठबंधन को हार का स्वाद चखना पड़ा। कांग्रेस सांसद अखिलेश सिंह ने कहा कि हमें शर्म आती है कि हमारे तीन विधायक चुनाव के वक्त वोट देने नहीं आए, जबकि उन्हें आना चाहिए था।
राज्यसभा चुनाव की पांचवीं सीट को लेकर पेंच फंसा हुआ था। राजद नेता तेजस्वी यादव के अलावा महागठबंधन के अन्य नेता भी इस सीट पर जीत का दावा कर रहे थे। लेकिन, तीन कांग्रेस विधायकों के वोट नहीं देने से पूरी पिक्चर ही बदल गई। यह सीट भी एनडीए के खाते में चली गई।
पटना में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस सांसद अखिलेश सिंह ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस जैसी पार्टी का कोई सदस्य वोट डालने नहीं आता। यह हमारे लिए शर्म की बात है। साथ ही, मैं यह भी कहूंगा कि जिस तरह से हॉर्स ट्रेडिंग हुई, जिस तरह से विधायकों को पैसे का लालच दिया गया और पैसे के बल पर विधायकों को अनुपस्थित कराया गया, यह भी सबके सामने है।
उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कभी हॉर्स ट्रेडिंग के खिलाफ थे। लेकिन, इस बार उन्होंने राज्यसभा का चुनाव लड़ा। एनडीए की जीत हुई, लेकिन सभी ने मिल-जुलकर जो किया, वह प्रजातंत्र और लोकतंत्र को कलंकित करने वाला है।
फिल्म 'धुरंधर 2' में माफिया डॉन अतीक अहमद के आईएसआई से सीधे जुड़ाव को दिखाए जाने पर कांग्रेस सांसद अखिलेश सिंह ने कहा कि मुझे इसके बारे में क्या जानकारी हो सकती है। अगर आपके पास जानकारी का कोई पुख्ता स्रोत नहीं है, तो उनसे पूछिए कि उनका क्या जुड़ाव है, यह सब किस बारे में है। फिल्म निर्माताओं से पूछिए, प्रोड्यूसर से पूछिए। मुझे यह कैसे पता होगा।
बताते चलें कि राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के तीन विधायकों के अनुपस्थित रहने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर भी सवाल उठे। अनुपस्थित रहने वाले विधायकों ने दावा किया कि वे प्रदेश अध्यक्ष के कहने पर वोट देने नहीं पहुंचे। जबकि, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने इन दावों को झूठा करार दिया। राजद नेता तेजस्वी यादव ने पांचवीं सीट पर मिली हार पर कहा था कि हम जीत रहे थे, आखिर में विधायकों को चुरा लिया गया।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम
