फर्जी 'एक्स' पोस्ट के बाद स्टूडियो ग्रीन का खुलासा, कहा- 'हैक हुआ हमारा अकाउंट'
मुंबई, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों ऑनलाइन सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। कई बड़े कलाकार और प्रोडक्शन हाउस साइबर हमलों का शिकार हो चुके हैं, जिससे न सिर्फ उनकी छवि पर असर पड़ता है बल्कि फैंस के बीच भी भ्रम की स्थिति पैदा हो जाती है। अब इसी कड़ी में साउथ फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी प्रोडक्शन कंपनी स्टूडियो ग्रीन का नाम भी जुड़ गया है, जिसने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के हैक होने की जानकारी दी है।
दरअसल, ज्ञानवेल राजा की इस प्रोडक्शन कंपनी ने शुक्रवार को खुलासा किया कि उनके एक्स अकाउंट को कुछ अज्ञात लोगों ने हैक कर लिया है। इस दौरान उस अकाउंट से कई ऐसे पोस्ट किए गए, जिनका कंपनी के काम या विचारों से कोई संबंध नहीं था।
कंपनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए एक आधिकारिक बयान जारी किया। इस बयान में उन्होंने कहा, ''हमारे स्टूडियो ग्रीन के एक्स अकाउंट को हैक कर लिया गया। हम प्लेटफॉर्म की टीम के साथ मिलकर अकाउंट को वापस पाने की कोशिश कर रहे हैं।''
उन्होंने अपने बयान में फैंस और फॉलोअर्स से अपील की कि वे हाल ही में उस अकाउंट से किए गए किसी भी पोस्ट, लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें। कंपनी ने कहा कि जो भी राजनीतिक या युद्ध से जुड़े पोस्ट दिख रहे हैं, वे पूरी तरह फर्जी हैं और उनका उनकी टीम से कोई संबंध नहीं है।
कंपनी ने आगे कहा, ''हमारा काम सिर्फ फिल्म निर्माण और मनोरंजन तक सीमित है। हम किसी भी तरह की राजनीति से जुड़े नहीं हैं और न ही इस तरह के किसी विषय पर अपनी राय रखते हैं। इसलिए ऐसे किसी भी पोस्ट को हमारी आधिकारिक सोच समझना गलत होगा।''
स्टूडियो ग्रीन ने बताया कि जैसे ही उनका अकाउंट वापस आ जाएगा, हम अपने फॉलोअर्स को तुरंत इसकी जानकारी देंगे। फिलहाल कंपनी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार प्रयास कर रही है कि अकाउंट जल्द से जल्द उनके नियंत्रण में वापस आ सके।
--आईएएनएस
पीके/एएस
