Aapka Rajasthan

राजनीति से ऊपर किसान और युवा, पीएम मोदी के सामने रखेंगे महाराष्ट्र के मुद्दे : एनसीपी (एसपी) सांसद

नई दिल्ली, 10 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) की सांसद सुप्रिया सुले समेत सभी आठ सांसद सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में महाराष्ट्र के किसानों की आत्महत्या, कर्ज माफी, बेरोजगारी और फसल बीमा जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
 

नई दिल्ली, 10 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) की सांसद सुप्रिया सुले समेत सभी आठ सांसद सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में महाराष्ट्र के किसानों की आत्महत्या, कर्ज माफी, बेरोजगारी और फसल बीमा जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

बैठक से पहले एनसीपी (एसपी) सांसद निलेश ज्ञानेश्वर लंके ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "आज हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिल रहे हैं। हमारी पार्टी किसानों के लिए काम करती है। हमारे नेता शरद पवार हर समय किसान कल्याण के लिए प्रयासरत रहे हैं। किसानों से जुड़े कई सवाल हैं जिन्हें हम प्रधानमंत्री के सामने रखेंगे।"

उन्होंने कहा, "किसानों की आत्महत्या का मुद्दा है, उनको कर्ज माफी की जरूरत है। ये सब प्रश्न लेकर हम आज पीएम मोदी से मिलने वाले हैं। इसी तरीके से जो युवक हमारे देश का भविष्य हैं, वो बेरोजगार हैं। उनके अनेक प्रश्न हैं। वो प्रश्न लेकर भी हम आज पीएम मोदी से मिलेंगे।"

निलेश लंके ने कहा, "राजनीति से महत्वपूर्ण हमारे लिए किसान और युवा हैं। राजनीति चलती रहती है, लेकिन हमारे किसान और युवा बचने चाहिए। ये हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है।"

एनसीपी (एसपी) सांसद बजरंग सोनवणे ने बैठक के एजेंडे की जानकारी देते हुए कहा कि महाराष्ट्र के कई हिस्से गंभीर संकट से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा, "हमारे महाराष्ट्र के अंदर मराठवाड़ा एक रीजन है। उसके बगल में सोलापुर डिस्ट्रिक्ट है और कुछ डिस्ट्रिक्ट में जो भी पूरा सूखा है। इस बार पानी बहुत कम है। इसी वजह से किसान बहुत चिंता में हैं।"

उन्होंने कहा, "दूसरी बात ये है कि पिछले साल का जो फसल बीमा है, वो किसानों को मिला नहीं है। पिछले साल ज्यादा पानी होने से जो नुकसान हो गया था, उसके लिए सरकार ने एक पैकेज डिक्लेयर किया था। वह भी किसानों को नहीं मिला।"

बजरंग सोनवणे ने बताया कि इन तीन बड़े मुद्दों के अलावा अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों के स्थानीय सवाल भी प्रधानमंत्री के सामने रखे जाएंगे।

वहीं, एनसीपी (एसपी) सांसद सुरेश म्हात्रे ने कहा, "हम अपने-अपने लोकसभा क्षेत्रों में होने वाले सभी महत्वपूर्ण कार्यों को लेकर आज पीएम नरेंद्र मोदी से मिलेंगे, ताकि वो सब काम सुगमता से सम्पन्न कराए जा सकें।"

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस