राजनाथ सिंह जापान में करेंगे वार्ता, बेल्जियम पहुंचे रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ
नई दिल्ली, 18 नवंबर (आईएएनएस) भारत और जापान के बीच रक्षा एवं रणनीतिक सहयोग को नई दिशा देने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 18 और 19 नवंबर को टोक्यो में रहेंगे। वह यहां होने जा रही चौथी भारत-जापान विदेश एवं रक्षा मंत्रियों की वार्ता (2 प्लस 2) में हिस्सा लेंगे। इस वार्ता में दोनों देशों के विदेश और रक्षा मंत्री शामिल होंगे। वहीं, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ बेल्जियम की बुधवार को राजधानी ब्रसेल्स पहुंचे हैं।
इस दौरान राजनाथ सिंह अपने जापानी समकक्ष और जापान के रक्षा मंत्री शिंजीरो कोइजुमी के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी करेंगे। बैठक के दौरान भारत और जापान के बीच रक्षा सहयोग, आपसी रणनीतिक साझेदारी और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। दोनों देश पहले से ही रक्षा क्षेत्र में कई स्तरों पर सहयोग कर रहे हैं। ऐसे में इस वार्ता के जरिए आपसी संबंधों को और आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
इस बीच रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स पहुंचे हैं। वह यहां ब्रसेल्स में आयोजित होने वाली शुमान सुरक्षा एवं रक्षा फोरम में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। ब्रसेल्स पहुंचने पर बेल्जियम और यूरोपीय संघ में भारत के राजदूत प्रणय वर्मा ने उनका स्वागत किया। इस यात्रा को भारत और यूरोपीय संघ के बीच बढ़ते रक्षा एवं रणनीतिक सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जनवरी 2026 में भारत और यूरोपीय संघ के बीच रणनीतिक एवं रक्षा साझेदारी समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे। इसके बाद रक्षा राज्यमंत्री की यह यात्रा दोनों पक्षों के बीच रक्षा संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में अहम है।
इस समझौते ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच रक्षा एवं सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग के लिए एक व्यापक आधार तैयार किया है। ब्रसेल्स रवाना होने से पहले रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ज्यूरिख पहुंचे थे। वहां भारत के रक्षा सलाहकार ब्रिगेडियर अक्षय कपूर और भारतीय दूतावास के प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह ब्रसेल्स के लिए रवाना हुए।
यूरोपीय संघ की विदेश कार्य सेवा की मेजबानी में आयोजित शुमान सुरक्षा एवं रक्षा फोरम में यूरोपीय संघ के 85 से अधिक साझेदार देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। इसमें विभिन्न देशों के प्रतिनिधि अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। भारत की ओर से रक्षा राज्यमंत्री की भागीदारी यूरोपीय देशों के साथ रक्षा संबंधों को मजबूत बनाने के प्रयासों को दर्शाती है। इस मंच के माध्यम से भारत को यूरोपीय संघ और उसके साझेदार देशों के साथ रक्षा एवं सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विचार साझा करने का अवसर मिलेगा।
गौरतलब है कि भारत एक ओर जापान के साथ रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए उच्चस्तरीय वार्ता कर रहा है। वहीं, दूसरी ओर यूरोपीय संघ के साथ भी रणनीतिक और रक्षा साझेदारी को विस्तार दे रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की जापान यात्रा और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की बेल्जियम यात्रा इसी दिशा में भारत के बढ़ते रक्षा कूटनीतिक संपर्कों का हिस्सा हैं।
--आईएएनएस
जीसीबी/पीएम
