'मिस्ट्री, कॉमेडी और ड्रामा', राजकुमार हिरानी ने बताया 'प्रीतम एंड पेड्रो' क्यों है उनके लिए खास
मुंबई, 15 जून (आईएएनएस)। ओटीटी की दुनिया में मशहूर फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी की नई सीरीज 'प्रीतम एंड पेड्रो' की काफी चर्चा हो रही है। सीरीज के ट्रेलर ने दर्शकों के उत्साह को और बढ़ा दिया है।
राजकुमार हिरानी ने ट्रेलर लॉन्च के दौरान बताया कि उन्हें 'प्रीतम एंड पेड्रो' की कहानी सबसे ज्यादा इसलिए पसंद आई क्योंकि इसमें दो बिल्कुल अलग सोच वाले किरदारों के बीच का रिश्ता बेहद खास तरीके से दिखाया गया है। उन्होंने कहा, ''कहानी का मूल भाव यही है कि कैसे दो अलग-अलग दुनिया के लोग एक मजबूरी में साथ आ जाते हैं और फिर उनके बीच एक अनोखा रिश्ता बनता है। यही टकराव और भावनात्मक अंतर इस कहानी को दिलचस्प बनाता है।''
हिरानी ने आगे कहा, "मैं हमेशा ऐसी कहानियों की ओर आकर्षित होता हूं, जिनमें इंसानी भावनाओं की जटिलता दिखाई जाती है। हर इंसान में कुछ खूबियां होती हैं और कुछ कमजोरियां भी होती हैं, और जब अलग-अलग स्वभाव के लोग एक साथ आते हैं, तो कई अप्रत्याशित परिस्थितियां पैदा होती हैं। 'प्रीतम एंड पेड्रो' में यही देखने को मिलेगा, जहां रिश्तों के बीच उतार-चढ़ाव और भावनात्मक गहराई को मजेदार अंदाज में दिखाया जाएगा। इसमें मिस्ट्री, कॉमेडी और ड्रामा देखने को मिलेगा।''
बता दें कि इस सीरीज का निर्माण राजकुमार हिरानी ने किया है, जबकि निर्देशन अविनाश अरुण ने किया है। इसमें अरशद वारसी, विक्रांत मैसी, वीर हिरानी, मोना सिंह और बोमन ईरानी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
सीरीज की कहानी गोवा की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां एक और प्रीतम (वीर हिरानी) पूरी तरह से तकनीक पर निर्भर है, वहीं पेड्रो (अरशद वारसी) एक अनुभवी और परंपरागत तरीके से काम करने वाले पुलिस अधिकारी हैं। इन दोनों के बीच सोच और काम करने के तरीके में बहुत बड़ा अंतर है, लेकिन एक परिस्थिति उन्हें साथ काम करने के लिए मजबूर कर देती है। यही से कहानी आगे बढ़ती है।
डायरेक्टर अविनाश अरुण ने इस प्रोजेक्ट पर बात करते हुए कहा, ''मेरी कोशिश थी कि दर्शकों को एक ऐसा अनुभव दिया जाए जो लगातार उन्हें चौंकाता रहे। इस सीरीज में कॉमेडी के साथ-साथ इंसानी रिश्तों की गहराई भी दिखाई गई है। यह कहानी सिर्फ हंसाने या मनोरंजन करने के लिए नहीं है, बल्कि यह दर्शकों को किरदारों से भावनात्मक रूप से जोड़ने की कोशिश करती है। इतने शानदार कलाकारों के साथ काम करना मेरे लिए संतोषजनक अनुभव रहा।''
अभिनेता अरशद वारसी ने अपने किरदार को लेकर कहा, ''मेरा किरदार ऐसा व्यक्ति है जो ज्यादा सोच-विचार नहीं करता, बल्कि अपने दिल और स्वाभाविक प्रवृत्ति पर चलता है। वह कई बार मुश्किल परिस्थितियों में फंस जाता है, लेकिन वहीं से कहानी में मजेदार मोड़ भी आते हैं। इस शो की सबसे बड़ी खासियत इसकी अनिश्चितता और हास्य है, जो दर्शकों को लगातार बांधे रखेगा।''
वहीं विक्रांत मैसी ने कहा, ''इस सीरीज में मुझे सबसे ज्यादा पसंद यह बात आई कि हर किरदार की अपनी अलग परतें हैं। कहानी में सिर्फ कॉमेडी नहीं है, बल्कि मिस्ट्री और इमोशन भी गहराई से जुड़े हुए हैं। हर किरदार अपने व्यक्तिगत संघर्ष और उद्देश्यों के साथ आगे बढ़ता है, जिससे पूरी कहानी वास्तविक लगती है। इस तरह की अनोखी कहानी का हिस्सा बनना मेरे लिए एक यादगार अनुभव रहा।''
यह सीरीज 3 जुलाई को जियोहॉटस्टार पर रिलीज होगी।
--आईएएनएस
पीके/एएस
