राजकुमार भाटी ने बताया अखिलेश यादव के इंडिया ब्लॉक के लंच में न पहुंचने का कारण
नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव गुरुवार को अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने आयोजित भागवत कथा में हिस्सा लिया। दूसरी ओर, बुधवार को इंडिया ब्लॉक की ओर से आयोजित लंच में सपा प्रमुख के न जाने से सियासी हलचल तेज हो गई। सपा नेता राजकुमार भाटी ने कहा कि सब कुछ ठीक है। लंच में न जाना इतना महत्वपूर्ण नहीं है। हमारे अध्यक्ष यूपी चुनाव में व्यस्त हैं और अगर यहां हम भाजपा को नहीं हरा पाए तो विपक्ष के लिए हताशा होगी।
आईएएनएस से बातचीत में सपा नेता राजकुमार भाटी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना चाहिए। इंडिया ब्लॉक की जो मांग है, उसे हमारी पार्टी का समर्थन है। पूरा देश आज सड़कों पर है। हर जिले में विरोध के स्वर उठ रहे हैं। इस बीच सपा प्रमुख इंडिया ब्लॉक द्वारा आयोजित लंच में नहीं पहुंच पाए तो यह महत्वपूर्ण नहीं है। हमारे अध्यक्ष यूपी चुनाव में व्यस्त हैं। यूपी में भाजपा को हराएंगे, पूरा ध्यान इसी ओर केंद्रित है।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामजी लाल सुमन ने कहा कि यह गंभीर चिंता का विषय है। लोकतंत्र में विरोध करने के मौलिक अधिकार पर भी रोक लगाई जा रही है। मुख्य चुनाव आयुक्त के कामकाज के खिलाफ पूरे देश में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने हर जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन का प्रस्ताव रखा था। मुझे बहुत दुख है कि इन प्रदर्शनों को नाकाम करने के लिए हरसंभव हथकंडा अपनाया गया। ज्ञानेश कुमार पर जो आरोप है, वह कांग्रेस या फिर समाजवादी पार्टी ने नहीं लगाए हैं। चुनाव आयोग में उनके सहयोगियों ने ही लगाए हैं। ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए और जेल भेजना चाहिए।
यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की हत्या भारतीय जनता पार्टी की सरकार कर रही है। जिस तरह से पिछले दो दिनों में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और हमारे इंडिया ब्लॉक के कई सांसदों के साथ पुलिस ने बर्बरता की है, उसके विरोध में कांग्रेस काला दिवस मना रही है। पूरे प्रदेश में, हर जिला मुख्यालय और ब्लॉक मुख्यालय पर यह संघर्ष जारी है। यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं हो जाता। 13.5 करोड़ लोगों के वोट कट गए, यह कोई साधारण बात नहीं है। लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत मत है। अगर मत की चोरी हुई है तो इसके खिलाफ आवाज उठाना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी
