राजकोट में विजयभाई रूपाणी ट्रस्ट का बालसंगम कार्यक्रम, 600 बच्चों ने उठाया मुफ्त राइड्स का लुत्फ
राजकोट, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजयभाई रूपाणी के जन्मदिन पर गुरुवार को श्री पूजित रूपानी मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से बालसंगम कार्यक्रम आयोजित किया गया। फनवर्ल्ड में हुए इस कार्यक्रम में स्लम क्षेत्रों के करीब 600 बच्चों ने निःशुल्क राइड्स का आनंद लिया। कार्यक्रम में गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी वर्चुअल माध्यम से जुड़े और गुजराती फिल्म अभिनेत्री रिवा राच्छ भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।
पूर्व सीएम विजयभाई रूपाणी के बेटे ऋषभ विजयभाई रूपाणी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "आज 8 अक्टूबर है और मेरे पिता, जिनके नाम पर यह ट्रस्ट है, उनका जन्मदिन है। दुर्भाग्य से आज वह हमारे बीच नहीं है लेकिन उनके जन्मदिन को हम राजकोट के उन सभी बच्चों के साथ मनाना चाहते हैं, जिन्हें ट्रस्ट ने सहारा दिया है।"
ऋषभ ने बताया कि इस कार्यक्रम में सड़क पर रहने वाले और कूड़ा बीनने वाले सहित ट्रस्ट से जुड़े सभी बच्चे शामिल हुए। उन्होंने कहा, "ये सभी बच्चे विजयभाई और उनकी पत्नी अंजलि बहन के ही बेटे-बेटियां हैं। इन सबको आज हम राजकोट के फनवर्ल्ड में लाए हैं। मैं फनवर्ल्ड मैनेजमेंट का आभार व्यक्त करता हूं, जिनके सहयोग और कोऑर्डिनेशन से यह कार्यक्रम संभव हो पाया है। उनका सहयोग हमेशा से हमारे साथ रहा है।"
उन्होंने कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए कहा, "यहां मौजूद सभी बच्चों के लिए राइड्स की व्यवस्था की गई है। बच्चे जितनी बार चाहें, उतनी बार राइड्स में बैठ सकते हैं। इसके साथ ही वे हमारे साथ भोजन भी करेंगे। विजयभाई का जन्मदिन राजकोट के बेटे-बेटियों के चेहरे पर हंसी लाकर मनाना ही हमारा लक्ष्य है और हमेशा रहेगा।"
इस अवसर पर गुजरात के कई वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे। ऋषभ रूपाणी ने बताया कि कार्यक्रम में मार्गदर्शक और पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आर.सी. फलदू, लोकसभा सांसद परषोत्तम रूपाला, राजकोट के मेयर और गुजरात के संगठन महामंत्री भी मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर बच्चों को शुभकामनाएं दीं और ट्रस्ट के इस मानवीय प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम में पहुंची गुजराती फिल्मों की अभिनेत्री रीवा राछ ने ट्रस्ट के इस प्रयास की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, "जब विजय रूपाणी थे, तब मैं अभिनेता हितेन कुमार के साथ अपनी फिल्म के लिए आशीर्वाद लेने राजकोट आई थी। उन्होंने बहुत खुले दिल से हमें आशीर्वाद दिया था। इसलिए जब मुझे पता चला कि उनके ट्रस्ट द्वारा ऐसी गतिविधियां हो रही हैं, तो मुझे लगा कि मुझे आना चाहिए। बच्चों से बात करके बहुत अच्छा लगा। यह वाकई में बहुत बढ़िया पहल है, क्योंकि बच्चे ही हमारे देश का भविष्य हैं। अगर वंचित बच्चों को अच्छा प्लेटफॉर्म और सही तालीम दी जाए, तो वे भी जीवन में बहुत आगे जा सकते हैं। वे ही हमारे भविष्य निर्माता हैं।"
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम
