राजस्थानः सीकर में विश्व बाल श्रम निषेध दिवस पर सीकर में निकाली साइकिल जन जागरूकता रैली
सीकर, 12 जून (आईएएनएस)। विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर शुक्रवार की सुबह जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रंस अलायंस एवं गायत्री सेवा संस्थान की ओर से सीकर शहर के पुलिस लाइन से बाल श्रम उन्मूलन एवं बाल अधिकारों के प्रति जन जागरूकता के उद्देश्य से साइकिल जागरूकता रैली निकाली गई।
जागरूकता साइकिल रैली को एडिशनल एसपी डॉ. तेजपाल सिंह, विधिक सेवा प्राधिकरण जिला सचिव शालिनी गोयल और बाल अधिकारिता विभाग अधिकारी गार्गी शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विश्व बाल श्रम निषेध दिवस पर निकाली गई जन जागरूकता रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई वापस पुलिस लाइन ग्राउंड पहुंची।
एडिशनल एसपी तेजपाल सिंह ने बताया कि विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर पुलिस विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बाल अधिकारिता विभाग के सहयोग से जन जागरूकता साइकिल रैली निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि कई लोग बच्चों से बाल श्रम करवाते हैं, ऐसे में बाल श्रम को रोकने के लिए आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से इस रैली का आयोजन किया जा रहा है।
तेजपाल सिंह ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य है, उन्हें ऐसे में काम पर नहीं लगाने की बजाय शिक्षा, शिष्टता, खेल, स्वास्थ्य और पढ़ाई पर जोर दिया जाना चाहिए। इस जागरूकता रैली का मुख्य उद्देश्य यही है कि बच्चों के संपूर्ण विकास के लिए उन्हें पढ़ाई से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि बाल श्रम करवाना कानूनी अपराध है, इसमें पुलिस विभाग की ह्यूमन राइट ट्रैफिक टीम भी काम करती है।
एडिशनल एसपी ने आगे कहा कि साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए लाभप्रद है। साइकिल चलाने से जहां व्यक्ति स्वस्थ रहता है, वहीं पर्यावरण दूषित होने से भी बचता है और पेट्रोल-डीजल की बचत भी होती है।
जन जागरूकता रैली के समन्वयक अभिषेक बगड़िया ने बताया कि विश्व बाल श्रम विशेष दिवस के अवसर पर जन जागरूकता साइकिल रैली निकाली गई है। रैली का उद्देश्य बाल श्रम के खिलाफ जन जागरूकता बढ़ाना तथा प्रत्येक बच्चे के शिक्षा सुरक्षा एवं संपूर्ण बचपन के अधिकार के प्रति समाज को संवेदनशील बनना है।
--आईएएनएस
ओपी/एएस
