राजस्थान में मानसून एक्टिव, इन जिलों में अगले कुछ दिन भारी बारिश की संभावना
जयपुर, 5 जुलाई (आईएएनएस)। राजस्थान में दक्षिण-पश्चिमी मानसून दस्तक दे चुका है, जिसकी वजह से राज्य के कई हिस्सों में बीते दो-तीन दिनों से राज्य में लगातार मेघगर्जन, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां दर्ज की जा रही हैं। वहीं, पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मध्यम से लेकर कहीं-कहीं भारी बारिश भी रिकॉर्ड की गई है। इस बीच मौसम विभाग ने अगामी सप्ताह के लिए पुर्नानुमान जारी किया है।
राजस्थान मौसम विभाग के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि मानसून फिलहाल पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। विभाग के अनुसार, आने वाले तीन से चार दिनों तक पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। इसके साथ ही राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में मानसून सक्रिय रहेगा और मौसम में नमी बनी रहेगी।
राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है। मानसून की सक्रियता के कारण राज्य के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है और कई स्थानों पर तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की कमी देखी गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा उदयपुर, अजमेर और झुंझुनूं से होकर गुजर रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में मानसून राज्य के और अधिक हिस्सों में आगे बढ़ सकता है, जिससे बारिश का दायरा और विस्तृत होगा।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और ओडिशा तट के आसपास एक सुस्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिसका असर राजस्थान के मौसम पर भी देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही मौसमी ट्रफ लाइन भी दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान से होकर गुजर रही है, जिससे राज्य में नमी और बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।
आज के पूर्वानुमान के अनुसार उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है।
आगामी 5 से 7 दिनों के दौरान जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग में मानसून सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है। इस अवधि में राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। खासकर पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश की भी संभावना है, जिससे नदी-नालों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
वहीं, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में भी आने वाले दिनों में आंधी और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
--आईएएनएस
पीआईएम/डीकेपी
