Aapka Rajasthan

राजस्थान: झालावाड़ में दर्दनाक हादसा, कार की टक्कर से बाइक सवार 3 लोगों की मौत

जयपुर, 4 नवंबर (आईएएनएस)। राजस्थान के झालावाड़ में एक दुखद सड़क हादसा हुआ, जिसमें मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों की एक कार की टक्कर लगने से मौत हो गई।
 

जयपुर, 4 नवंबर (आईएएनएस)। राजस्थान के झालावाड़ में एक दुखद सड़क हादसा हुआ, जिसमें मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों की एक कार की टक्कर लगने से मौत हो गई।

दरअसल, झालावाड़ जिले के अकलेरा क्षेत्र की एनएच-52 बरेडी घाटी पर कार की टक्कर में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने परिजनों से बयान लेकर शवों का पोस्टमार्टम कराया है। मृतकों की पहचान उग्रपुरा गांव निवासी अमरलाल, उग्रपुरा गांव निवासी बिरम तंवर और जोधपुर निवासी अनिल चौधरी के रूप में हुई है।

घटना को लेकर अकलेरा पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि घाटोली क्षेत्र के उग्रपुरा गांव निवासी अमरलाल, उग्रपुरा गांव निवासी बिरम तंवर और जोधपुर निवासी अनिल चौधरी तीनों बाइक पर सवार होकर किसी काम से अकलेरा आए थे। वापस लौटते समय एनएच-52 बरेडी घाटी पर सामने से आ रही एक कार ने इनकी बाइक को टक्कर मार दी।

दुर्घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनको तत्काल अकलेरा अस्पताल में ले जाया गया, जहां बिरम तंवर और जोधपुर निवासी अनिल चौधरी की मौत हो गई। वहीं, अमरलाल की स्थिति ज्यादा गंभीर होने पर उसको झालावाड़ के जिला अस्पताल में ले जाया गया, जहां बुधवार दिन में उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

अकलेरा पुलिस ने बीरम और अमरलाल के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। वहीं, जोधपुर निवासी अनिल के परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा। अकलेरा पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। पुलिस की ओर से इस मामले से संबंधित आगे की जांच जारी है।

वहीं, सड़क दुर्घटना का एक दूसरा मामले बुधवार को उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से सामने आया, जहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। इस भीषण हादसे में कार चला रहीं न्यायिक मजिस्ट्रेट सोनम चतुर्वेदी की मौके पर ही मौत हो गई।

सोनम चतुर्वेदी मूलरूप से आगरा के मैनपुरी जिले के चंदीकरा गांव की रहने वाली थीं और वह फिलहाल फिरोजाबाद में तैनात थीं। यह घटना मक्खनपुर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर हुई, जहां दो कारों की टक्कर के बाद स्विफ्ट डिजायर पलट गई, जिसे न्यायिक मजिस्ट्रेट सोनम चतुर्वेदी चला रही थी। हादसे में सोनम चतुर्वेदी को सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी