राजस्थान: झालावाड़ में फंदे से लटके दंपति, पति की मौत, पत्नी अस्पताल में भर्ती
झालावाड़, 9 अगस्त (आईएएनएस)। राजस्थान के झालावाड़ जिले के रटलाई थाना क्षेत्र स्थित रिझोन गांव में रविवार सुबह पति-पत्नी के फंदे से लटकने का मामला सामने आया है। इस घटना में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती है।
रटलाई थाना अधिकारी लोकेश मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि रिझोन गांव में एक घर के कमरे में पति-पत्नी ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार, रिझोन गांव निवासी गिर्राज और उसकी पत्नी आरती रात में खाना खाकर अपने कमरे में सोने चले गए थे। सुबह काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को शक हुआ। परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद दरवाजा तोड़कर देखा गया तो दोनों कमरे में फंदे से लटके मिले।
परिजन तुरंत दोनों को रटलाई के सरकारी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद 35 वर्षीय गिर्राज को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पत्नी आरती बेसुध हालत में जमीन पर पड़ी थी और उसकी सांसें चल रही थीं। उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे तुरंत झालावाड़ के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां आरती का आईसीयू में इलाज जारी है।
लोकेश मीणा ने बताया, "प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों ने एक ही कमरे में फांसी लगाई थी। पति की मौत हो चुकी है। पत्नी की हालत अभी नाजुक बनी हुई है।"
पुलिस ने मृतक गिर्राज के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं, आरती के होश में आने के बाद ही उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। अभी तक आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। गांव में इस घटना के बाद मातम का माहौल है।
पड़ोसियों का कहना है कि गिर्राज और आरती की शादी को कई साल हो चुके थे। दोनों के बीच किसी तरह का विवाद पहले सुनने में नहीं आया था। परिवार में आर्थिक तंगी या पारिवारिक कलह थी या नहीं, इस बारे में पुलिस जांच कर रही है। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। आरती के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत और आत्महत्या के प्रयास के कारणों का पता चल पाएगा।
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी
