राज ठाकरे को कोई नहीं पूछता तो यूपी-बिहार के लोगों को गाली देकर मीडिया में बनाते हैं जगह : प्रशांत किशोर
पटना, 14 नवंबर (आईएएनएस)। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के छठ पर्व को लेकर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने शनिवार को कहा कि राज ठाकरे जैसे लोगों को जब कोई नहीं पूछता, तब वे उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को गाली देकर मीडिया में जगह बनाने की कोशिश करते हैं। ऐसे लोगों को मीडिया को अनावश्यक महत्व नहीं देना चाहिए।
प्रशांत किशोर ने कहा कि राज ठाकरे का अपना कोई स्पष्ट राजनीतिक रुख नहीं है। कभी वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुणगान करने लगते हैं, तो अगले ही दिन उनकी शिकायत करने लगते हैं। कभी इधर हो जाते हैं, कभी उधर। उनका एकमात्र एजेंडा किसी भी तरह मीडिया में बने रहना है। जब छह महीने तक कोई नहीं पूछता, तो बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों के खिलाफ बयान देने लगते हैं।
उन्होंने सवाल किया कि आखिर राज ठाकरे को कौन पूछ रहा है और वे खुद कहां खड़े हैं? उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में एनडीए और भाजपा की सरकार है। यदि वहां हिंदी भाषी लोगों के साथ कुछ गलत होता है, तो बिहार, उत्तर प्रदेश और हिंदी भाषी क्षेत्रों के लोग भाजपा से सवाल पूछेंगे और जवाब मांगेंगे। किसी के पिता का राज नहीं है कि वह दूसरे राज्यों के लोगों को अपमानित करे।
प्रशांत किशोर ने छठ पर्व के दौरान लोगों से मुलाकात और जनसंपर्क को लेकर कहा कि छठ बिहार की आस्था का सबसे बड़ा महापर्व है। ऐसे में उनकी जिम्मेदारी है कि वे लोगों के बीच जाएं, उनके घरों और मोहल्लों में पहुंचें तथा देखें कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री से मुलाकात को राजनीतिक शिष्टाचार बताते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति से मिलने पर अच्छे तरीके से ही बातचीत की जाएगी। चाहे किसी वार्ड में भाजपा या राजद का मंडल अध्यक्ष मिल जाए, उससे भी शिष्टाचार से ही मिलेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति, जाति या धर्म से नहीं, बल्कि बिहार की गरीबी और पिछड़ेपन से है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे पर भी प्रशांत किशोर ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे से बिहार के लोगों को केवल बढ़िया-बढ़िया और लच्छेदार बातें सुनने को मिलेंगी। वे अपनी प्रशंसा करेंगे, लेकिन यह नहीं बताएंगे कि बिहार को बाढ़ से मुक्ति कब मिलेगी, शिक्षा और रोजगार की स्थिति कैसे सुधरेगी तथा पलायन कब रुकेगा।
उन्होंने छठ के लिए 1,800 विशेष ट्रेनों की घोषणा का जिक्र करते हुए सवाल किया कि वे ट्रेनें कहां गईं? बिहार के लोगों को ट्रेनों में किसी तरह लदकर और लटककर यात्रा क्यों करनी पड़ रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री बिहार के मूल मुद्दों पर बात करने के बजाय जाति, धर्म और देश-दुनिया की बातें करेंगे। राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोप पर प्रशांत किशोर ने कहा कि फोन टैपिंग की बात कोई नई नहीं है। पेगासस मामले के समय से ही यह सार्वजनिक चर्चा का विषय रहा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक और सामाजिक जीवन में सक्रिय लोगों को मालूम है कि विपक्ष में रहने वालों के फोन टैप किए जाते हैं।
--आईएएनएस
एमएनपी/एएस
