रेलवे में भर्ती का सुनहरा मौका : चीफ लॉ असिस्टेंट सहित 119 पदों पर आवेदन शुरू, जानें पात्रता
नई दिल्ली, 5 नवंबर (आईएएनएस)। रेलवे में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने आइसोलेटेड श्रेणियों के विभिन्न 191 पदों पर भर्ती के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
आरआरबी की ओर से जारी 191 रिक्तियों में चीफ लॉ असिस्टेंट (कार्मिक) के 17, पब्लिक प्रॉसिक्यूटर (कार्मिक) के 21, सीनियर पब्लिसिटी इंस्पेक्टर (कमर्शियल) के 8, जूनियर ट्रांसलेटर/हिंदी (कार्मिक) के 79, स्टाफ एंड वेलफेयर इंस्पेक्टर (कार्मिक) के 27, साइंटिफिक असिस्टेंट (ट्रेनिंग) - (आरडीएसओ) के 3 और लैब असिस्टेंट ग्रेड III (केमिस्ट एंड मेटालर्जिस्ट) - मैकेनिकल (सीएमटी) के 36 पद शामिल हैं।
आरआरबी की ओर से अपने जिन बोर्डों में 191 पदों पर भर्ती निकाली गई है, उनमें आरआरबी अजमेर में 2, आरआरबी बेंगलुरु में 4, आरआरबी भोपाल में 3, आरआरबी भुवनेश्वर में 6, आरआरबी बिलासपुर में 1, आरआरबी चंडीगढ़ में 31, आरआरबी चेन्नई में 11, आरआरबी गोरखपुर में 15, आरआरबी गुवाहाटी में 30, आरआरबी जम्मू-श्रीनगर में 8, आरआरबी कोलकाता में 31, आरआरबी मुंबई में 12, आरआरबी पटना में 1, आरआरबी प्रयागराज में 7, आरआरबी सिकंदराबाद में 21 और आरआरबी सिलीगुड़ी में 8 पद शामिल हैं।
इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 5 नवंबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर निर्धारित अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। वहीं, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 6 दिसंबर तय की गई है। इसके अतिरिक्त, जिन अभ्यर्थियों के आवेदन पत्र में कुछ गलती होगी, उनके लिए फॉर्म में सुधार करने की विंडो 7 दिसंबर से 16 दिसंबर तक सक्रिय रहेगी।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पदों के अनुसार 12वीं (साइंस)/संबंधित डिग्री/पोस्टग्रेजुएट या प्रोफेशनल क्वालिफिकेशन होना चाहिए।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु पदों के अनुसार 30 से 40 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी), जहां लागू हो वहां अनुवाद परीक्षा, शॉर्टलिस्टिंग, दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा जांच के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पदों के अनुसार 19,900 से 44,900 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी-एनसीएल/ईडब्ल्यूएस के लिए 500 रुपए और एससी/एसटी/महिलाएं/पीडब्ल्यूबीडी/पूर्व सैनिक/ट्रांसजेंडर/अल्पसंख्यक/आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) के लिए 250 रुपए तय किया गया है।
अभ्यर्थियों को भर्ती से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित रिक्तियों के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम
