रेलवे देश की आर्थिक-सामाजिक प्रगति का आधार, प्रशिक्षु अधिकारी निष्ठा से निभाएं जिम्मेदारी : मुख्य सचिव
लखनऊ, 14 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने कहा कि रेलवे देश की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों को सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में इसकी अहम भूमिका है। उन्होंने इंडियन रेलवे मैनेजमेंट सर्विस (आईआरएमएस) और इंडियन रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स सर्विस (आईआरपीएफएस) के प्रशिक्षु अधिकारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, अनुशासन, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ करने की अपेक्षा की।
मुख्य सचिव ने शुक्रवार को योजना भवन में रेलवे सेवाओं के प्रशिक्षु अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट के दौरान यह बात कही। उन्होंने रेलवे सेवा में चयनित होने पर प्रशिक्षु अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे देश के परिवहन तंत्र की महत्वपूर्ण कड़ी है। इसके माध्यम से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित और सुगम यात्रा की सुविधा मिलती है। रेलवे ने महाकुंभ जैसे बड़े आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारु बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के चुनौतीपूर्ण दौर में भी रेलवे ने देशवासियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के साथ आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखने में उल्लेखनीय योगदान दिया। मुख्य सचिव ने प्रशिक्षु अधिकारियों से उनके प्रशिक्षण, अनुभव, कार्यक्षेत्र की चुनौतियों और सेवाकाल के दौरान आने वाली विभिन्न जिम्मेदारियों के संबंध में संवाद किया।
उन्होंने अधिकारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का भी उत्तर दिया और कहा कि सार्वजनिक सेवा में जिम्मेदारी के साथ संवेदनशीलता और अनुशासन का विशेष महत्व है। इस अवसर पर प्रशिक्षु अधिकारियों ने मुख्य सचिव के साथ अपने प्रशिक्षण और सेवा से जुड़े अनुभव साझा किए तथा विभिन्न विषयों पर संवाद किया।
--आईएएनएस
विकेटी/पीएम
