रायगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट, 2 जुलाई को सभी स्कूलों और आंगनवाड़ियों में अवकाश घोषित
रायगढ़, 1 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में हो रही लगातार बारिश और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की अत्यधिक बारिश की चेतावनी को देखते हुए रायगढ़ जिले के कई तालुकों में 2 जुलाई को सभी स्कूलों और आंगनवाड़ियों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
तहसीलदारों द्वारा क्षेत्र में जारी बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी के आधार पर अवकाश की सिफारिश की गई थी। इसके बाद जिला कलेक्टर ने स्थिति की समीक्षा कर आदेश जारी किया।
आदेश के अनुसार, रायगढ़ जिले के अलीबाग, पनवेल, उरण, श्रीवर्धन, मुरुड़, तला और पोलादपुर तालुकों में सभी माध्यमों के आंगनवाड़ी केंद्र, प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालय 2 जुलाई को बंद रहेंगे।
मौसम विभाग ने 5 जुलाई तक जिले में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही तेज बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति की आशंका भी जताई गई है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, संबंधित तहसीलदारों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार बारिश और स्थिति को देखते हुए स्कूलों में अवकाश की मांग की थी।
जिला कलेक्टर ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 और शिक्षा विभाग के नियमों के तहत प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए यह आदेश जारी किया है।
हालांकि, आदेश में यह भी कहा गया है कि सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारी कार्यालय समय में उपस्थित रहेंगे और आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय प्रशासन के आपदा प्रबंधन कार्यों में सहयोग करेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र के कई शहरों में तेज बारिश होने का अनुमान है। कई जगहों के लिए हाई अलर्ट जारी किया गया था। इसी चेतावनी को ध्यान में रखते हुए रायगढ़ प्रशासन ने 2 जुलाई को अवकाश घोषित कर दिया है।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम
