राहुल गांधी ने राजनीतिक मर्यादा की सारी सीमाएं तोड़ीं, 42 से नीचे जाएगी कांग्रेस : गौरव वल्लभ
नई दिल्ली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा के संसद में विरोध प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी के नेता गौरव वल्लभ ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस पर 'नकली बंदरों का ड्रामा' करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी ने राजनीतिक मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दी हैं।
भाजपा नेता वल्लभ ने दावा किया कि राहुल गांधी गंभीर मानसिक बीमारी और फ्रस्ट्रेशन से जूझ रहे हैं और उन्हें तुरंत चिकित्सक से सलाह लेनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि राहुल के बयानों की वजह से कांग्रेस आने वाले चुनाव में 42 सीटों से भी नीचे चली जाएगी।
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा के विरोध को लेकर भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने कहा, "कुछ बदमाश नकली बंदरों को लेकर ड्रामा कर रहे हैं। वे इस मुकाम पर इसलिए पहुंचे हैं क्योंकि उनकी परवरिश ऐसी हुई है। लेकिन, वे यह नहीं समझते कि लोकतंत्र में ऐसे लोगों या नकली बंदरों के लिए कोई जगह नहीं है। वो सिर्फ संसद की गरिमा को घटाने का काम कर रहे हैं। इस तरह की गाली-गलौज करके वो सिर्फ अपनी पार्टी का हित कर रहे हैं। उन्हें ये समझना चाहिए कि ये लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंदिर है। लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर में वो ऐसी भाषा का इस्तेमाल करते हैं, तो देश के लोग इन्हें कभी माफ नहीं करेंगे।"
वहीं, राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता ने कहा, "राहुल गांधी ने देश की राजनीतिक मर्यादा की सारी सीमाओं को खत्म कर दिया है। राहुल गांधी ने आज अपने ननिहाल देश की चुनी हुई राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए घटिया, निम्न और बड़ी से बड़ी गाली जहां शरमा जाए, वैसे शब्द बोले हैं। मुझे उम्मीद है कि सोनिया गांधी जिस देश से वो आती हैं, उस देश की राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए ऐसी बातें सुनकर राहुल गांधी से कभी बात नहीं करेंगी। प्रियंका गांधी, "जो लड़की हूं, लड़ सकती हूं", इस तरह के नारे देती हैं, वो इस अपमान को कभी स्वीकार नहीं करेंगी।"
गौरव वल्लभ ने आगे कहा कि राहुल गांधी ने आज जो आपने अक्षम्य पाप किया, उससे सभी मर्यादाओं को तोड़ा है। इसका खामियाजा ये मिलेगा कि, आप आने वाले चुनाव में 42 से नीचे जाओगे। यहां भाषा की संयमता, देश के लोग पसंद करते हैं। आपने सारी सीमाओं को लांघकर जो घटियापन देश के सामने प्रस्तुत किया है, उससे ये साफ बाहर आ गया कि आप देश की मातृ शक्ति के लिए क्या सोच रखते हैं। आपने वो पाप किया है, जिसका क्षमादान पूरी दुनिया का कोई व्यक्ति नहीं दे सकता है।
उन्होंने कहा, "राहुल गांधी गंभीर मानसिक बीमारी और बहुत ज्यादा फ्रस्ट्रेशन से जूझ रहे हैं। उन्हें तुरंत किसी मनोचिकित्सक से सलाह लेनी चाहिए और इलाज शुरू कराना चाहिए, साथ ही दवा लेनी चाहिए। आज उन्होंने देश के गृह मंत्री के बारे में बात की, जिन्होंने कल लिखकर कहा था कि वह दोपहर 3 बजे तक संसद में रहना चाहते हैं और सभी सवालों के जवाब देने के लिए तैयार हैं। तो, संसद से कौन भागा? संसद के कामकाज में किसने रुकावट डाली?"
--आईएएनएस
केके/एबीएम
