Aapka Rajasthan

राहुल गांधी व्यापारियों को राजनीति में घसीटना बंद करें, देश के व्यापारी नाराज: प्रवीण खंडेलवाल

नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि व्यापारियों को अपनी राजनीति में घसीटना देश के कारोबारी वर्ग को स्वीकार नहीं है। राहुल गांधी ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक ट्वीट कर व्यापारियों और जीएसटी की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए थे। इस पर देशभर के व्यापारियों में नाराजगी है। खंडेलवाल ने कहा कि कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स ने पत्र के माध्यम से व्यापारियों का विरोध दर्ज कराया है।
 

नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि व्यापारियों को अपनी राजनीति में घसीटना देश के कारोबारी वर्ग को स्वीकार नहीं है। राहुल गांधी ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक ट्वीट कर व्यापारियों और जीएसटी की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए थे। इस पर देशभर के व्यापारियों में नाराजगी है। खंडेलवाल ने कहा कि कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स ने पत्र के माध्यम से व्यापारियों का विरोध दर्ज कराया है।

भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति कर रहा है और व्यापारियों के हित में कई योजनाएं शुरू की गई हैं। मुद्रा योजना के माध्यम से कारोबारियों को ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा, सरकार ने व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि पहले जीएसटी की व्यवस्था बिखरी हुई थी लेकिन अब इसे एकीकृत किया गया है। ऐसे में राहुल गांधी की ओर से जीएसटी और व्यापारियों को लेकर की जा रही टिप्पणियां वास्तविकता से परे हैं। व्यापारियों को राजनीतिक विवादों में शामिल करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत की कम ब्याज दरों और सात प्रतिशत की आर्थिक विकास दर का उल्लेख किए जाने पर भी खंडेलवाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर प्रतिकूल परिस्थितियों और विभिन्न चुनौतियों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था ने अपनी स्थिरता बनाए रखी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश आर्थिक विकास के रास्ते पर लगातार आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति की ओर से भारत की आर्थिक स्थिति और विकास दर का उल्लेख किया जाना देश के लिए गर्व की बात है। प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण भारत आज दुनिया में एक मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। हालांकि, उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि उसे देश की विकास यात्रा दिखाई नहीं देती और वह लगातार सरकार की आलोचना में जुटा रहता है।

एससीओ शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक के भारत दौरे पर भाजपा सांसद ने कहा कि पाकिस्तान एससीओ का सदस्य है और इसी हैसियत से उसके मंत्री बैठक में शामिल होने भारत आए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार पहले ही कई बार साफ कर चुके हैं कि देश के हितों के साथ किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। भारत अपने राष्ट्रीय हितों और सुरक्षा को सर्वोपरि रखेगा।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की ओर से विकसित भारत के विजन का समर्थन किए जाने पर खंडेलवाल ने राहुल गांधी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को भी रेवंत रेड्डी से सीख लेनी चाहिए। यदि वह ऐसा करते हैं तो शायद विदेशी धरती पर भारत की आलोचना करना बंद कर देंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी केवल सरकार की निंदा करने, विवाद पैदा करने और आलोचना करने में लगे रहते हैं। खंडेलवाल ने कहा कि राहुल गांधी ने अपनी आंखों पर पट्टी बांध रखी है और उन्हें देश की उपलब्धियां दिखाई नहीं देतीं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कोई व्यक्ति खुद को ही सबसे अधिक विद्वान समझता हो, तो उसे सही बात समझाए कौन?

उन्होंने कहा कि भारत आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है लेकिन विपक्ष इस सकारात्मक बदलाव को स्वीकार करने के बजाय लगातार सरकार पर निशाना साध रहा है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम