Aapka Rajasthan

राहुल गांधी सत्ता के लिए 'सट्टे' का रास्ता अपना रहे हैं, देश की अस्मिता दांव पर लगा रहे: अनुराग ठाकुर

नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सत्ता हासिल करने की हताशा में वह देश की अर्थव्यवस्था और विकास को लेकर विदेश में भारत की छवि खराब करने वाले बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का हाल उस बच्चे जैसा हो गया है, जिसे मेले में मनपसंद खिलौना नहीं मिलने पर वह रोने लगता है और अनाप-शनाप बोलने लगता है।
 

नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सत्ता हासिल करने की हताशा में वह देश की अर्थव्यवस्था और विकास को लेकर विदेश में भारत की छवि खराब करने वाले बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का हाल उस बच्चे जैसा हो गया है, जिसे मेले में मनपसंद खिलौना नहीं मिलने पर वह रोने लगता है और अनाप-शनाप बोलने लगता है।

शनिवार को मीडिया से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी सत्ता न मिलने की निराशा में सस्ता रास्ता अपना रहे हैं और 'सट्टे' के जरिए सत्ता हासिल करना चाहते हैं। इस कोशिश में वह देश के लोगों का विश्वास, राष्ट्रीय अस्मिता और विकास को दांव पर लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता सट्टे से नहीं, बल्कि सेवा से मिलती है।

भाजपा सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी राजनीति का आधार विकास, विश्वास और सेवा है, जबकि राहुल गांधी की राजनीति निराशा पर आधारित है। उन्होंने दावा किया कि विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में करीब 50 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं।

भारत की आर्थिक विकास दर का जिक्र करते हुए ठाकुर ने कहा कि अमेरिका की विकास दर 2.3 प्रतिशत और यूरोप की 1.3 प्रतिशत है, जबकि भारत 7.1 प्रतिशत की दर से विकास कर रहा है। उनके मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ), विश्व बैंक, मूडीज और एसएंडपी ग्लोबल जैसी प्रमुख वैश्विक एजेंसियों ने भी भारत की मजबूत आर्थिक विकास दर का अनुमान जताया है।

उन्होंने कहा कि दिवाली के अवसर पर देश में रिकॉर्ड जीएसटी संग्रह हुआ और अक्टूबर में सात लाख करोड़ रुपये का ऐतिहासिक कारोबार दर्ज किया गया। जापान की क्रेडिट रेटिंग एजेंसी की ओर से भारत को ट्रिपल ए रेटिंग दिए जाने और एसएंडपी ग्लोबल की ओर से भारत की रेटिंग ट्रिपल बी माइनस से बढ़ाकर ट्रिपल बी किए जाने का भी उन्होंने उल्लेख किया। ठाकुर ने दावा किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था की सराहना की है।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस नेता ऐसी बातें क्यों करते हैं, जिन्हें भारत विरोधी ताकतें और पाकिस्तान में बैठे उनके मित्र सुनना पसंद करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करते-करते राहुल गांधी अब भारत और भारतीयों के हितों का विरोध करने लगे हैं।

रोजगार और आर्थिक आंकड़ों का हवाला देते हुए ठाकुर ने कहा कि क्रय शक्ति समता (पीपीपी) के मामले में भारत दुनिया में तीसरे स्थान पर है। सितंबर तक देश का विदेशी मुद्रा भंडार 785 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। उन्होंने दावा किया कि देश में बेरोजगारी दर घटकर 4.9 प्रतिशत रह गई है, जो पिछले आठ महीनों का सबसे निचला स्तर है। महिलाओं में बेरोजगारी दर पांच प्रतिशत, ग्रामीण महिलाओं में 3.8 प्रतिशत और शहरी बेरोजगारी दर 8.7 प्रतिशत दर्ज की गई है।

उन्होंने आगे कहा कि वित्त वर्ष 2025 में 2.60 करोड़ लोग नेट फॉर्मल वर्कफोर्स से जुड़े हैं। ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि आंकड़े बताते हैं कि देश में फॉर्मल और इनफॉर्मल दोनों क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं और बेरोजगार केवल राहुल गांधी हैं।

यूपीए और एनडीए सरकारों के कार्यकाल की तुलना करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के 10 साल भारत के लिए 'लॉस्ट डेकेड' थे, जब देश दुनिया की 'फ्रेजाइल फाइव' अर्थव्यवस्थाओं में शामिल था। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीता दशक 'गोल्डन डेकेड' रहा है, जिसमें भारत दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ।

उन्होंने कहा कि यूपीए शासन के दौरान देश के 12 में से 11 सरकारी बैंक प्रॉम्प्ट करेक्टिव एक्शन (पीसीए) फ्रेमवर्क के दायरे में आ गए थे, जबकि आज सभी 12 सरकारी बैंक ढाई लाख करोड़ रुपये से अधिक का रिकॉर्ड मुनाफा कमा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) का बाजार पूंजीकरण भी 27 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।

ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण अंतरिक्ष, विज्ञान, आईटी और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में भारत ने अपनी पहचान बनाई है। उनके अनुसार, 131 यूनिकॉर्न के साथ भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन गया है।

तेलंगाना और कर्नाटक की कांग्रेस सरकारों का उल्लेख करते हुए ठाकुर ने कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र और 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की बात करते हैं। वहीं, कर्नाटक सरकार एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) सूची के आधार पर सरकारी योजनाओं का लाभ देने की बात करती है। उन्होंने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी अपनी ही पार्टी के दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बयानों से सहमत नहीं हैं?

पाकिस्तान के साथ संबंधों पर भारत का रुख स्पष्ट करते हुए ठाकुर ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ देश की नीति जीरो टॉलरेंस की है। उन्होंने कहा कि जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद को पूरी तरह बंद नहीं करता, तब तक उसके साथ कोई द्विपक्षीय बातचीत या जुड़ाव नहीं होगा।

--आईएएनएस

डीएससी