Aapka Rajasthan

राहुल गांधी पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का हमला- 'अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही कांग्रेस'

लखनऊ, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश के ज्यादातर हिस्सों में, मुस्लिम तुष्टीकरण को छोड़कर, कांग्रेस पार्टी अपने अस्तित्व को बचाने की लड़ाई लड़ रही है।
 

लखनऊ, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश के ज्यादातर हिस्सों में, मुस्लिम तुष्टीकरण को छोड़कर, कांग्रेस पार्टी अपने अस्तित्व को बचाने की लड़ाई लड़ रही है।

'वोट चोरी' के आरोपों के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की राहुल गांधी को रायबरेली पर चुनौती को लेकर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "कांग्रेस पार्टी समझती है कि उत्तर प्रदेश में उसका कोई आधार नहीं है। सिर्फ उत्तर प्रदेश नहीं, बल्कि देश के ज्यादातर हिस्सों में, मुस्लिम तुष्टीकरण को छोड़कर, कांग्रेस पार्टी अपने अस्तित्व को बचाने की लड़ाई लड़ रही है।"

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, "मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि क्या समाजवादी पार्टी के बिना आप रायबरेली की सीट जीतने का सामर्थ्य रखते हैं या नहीं?"

शनिवार को अपने बयान में ब्रजेश पाठक ने आगे कहा, "जिस तरह से वे देश-विरोधी तत्वों के साथ मिलकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं, उससे साफ है कि सत्ता की भूख उन्हें सोने नहीं दे रही है। देश के सभी लोग चाहते हैं कि शांति व्यवस्था बनी रहे। देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में आगे बढ़ा है और इससे कांग्रेस पार्टी के पेट में दर्द है। कांग्रेस ने हमेशा देश को गर्त में धकेलने का काम किया। उसकी आर्थिक नीतियों ने देश को नुकसान पहुंचाया है।"

उपमुख्यमंत्री ने कहा, "सबसे बड़ी बात यह है कि संविधान विरोधी कृत्य कांग्रेस को कभी जीने नहीं देगा। जिस ढंग से 1975 में कांग्रेस ने आपातकाल लगाया, उसे लोग आज भी याद करके कराह उठते हैं।"

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भारत अपनी आर्थिक नीतियों को खुद तय करता है। आप देखेंगे तो वैश्विक चिंताओं और अव्यवस्थाओं के बावजूद भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान की है। मैं उत्तर प्रदेश की जनता की तरफ से प्रधानमंत्री मोदी का बहुत-बहुत आभार प्रकट करता हूं।

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर भी ब्रजेश पाठक ने प्रहार किया। उन्होंने कहा, "अखिलेश यादव अपनी चिंता करें। उनका इंजन आपस में ही टकराता है। वे एक परिवार की कंपनी चलाते हैं। उन्हें राजनीति, सत्ता और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं से क्या मतलब है।"

--आईएएनएस

डीसीएच/