Aapka Rajasthan

राहुल गांधी ने पहले ही आर्थिक संकट से किया था आगाह, ईंधन और सीएनजी की लगातार बढ़ रहीं कीमतें: अजय राय

लखनऊ, 25 मई (आईएएनएस)। लखनऊ में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों और सामाजिक सौहार्द जैसे मुद्दों पर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहले ही देश में आने वाले आर्थिक संकट को लेकर चेतावनी दे चुके थे, लेकिन सरकार ने समय रहते कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।
 
राहुल गांधी ने पहले ही आर्थिक संकट से किया था आगाह, ईंधन और सीएनजी की लगातार बढ़ रहीं कीमतें: अजय राय

लखनऊ, 25 मई (आईएएनएस)। लखनऊ में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों और सामाजिक सौहार्द जैसे मुद्दों पर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहले ही देश में आने वाले आर्थिक संकट को लेकर चेतावनी दे चुके थे, लेकिन सरकार ने समय रहते कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम जनता पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि ईंधन की बढ़ती कीमतों को तुरंत कम किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।

भाजपा द्वारा कांग्रेस शासित राज्यों में पेट्रोल की कीमतों को लेकर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय राय ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थ किसी एक राज्य में पैदा नहीं होता है। उन्होंने कहा कि सभी राज्यों को ईंधन केंद्र सरकार की नीतियों और अंतरराष्ट्रीय बाजार के आधार पर मिलता है। ऐसे में केवल कांग्रेस शासित राज्यों को जिम्मेदार ठहराना गलत है।

उन्होंने कहा, “मैं भाजपा से पूछना चाहता हूं कि क्या पेट्रोल और डीजल कांग्रेस शासित राज्यों में पैदा हो रहे हैं? केंद्र सरकार ही इसकी कीमत तय करती है और उसी आधार पर राज्यों में दरें तय होती हैं। ऐसे में केवल विपक्षी राज्यों को दोष देना उचित नहीं है।”

अजय राय ने सामाजिक सौहार्द और धार्मिक स्वतंत्रता के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारत सभी धर्मों और समुदायों का देश है, जहां हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई और जैन समुदाय के लोग रहते हैं और सभी को अपनी-अपनी आस्था के अनुसार पूजा-पाठ करने का अधिकार है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि इन दिनों 'बड़ा मंगलवार' का आयोजन चल रहा है और लखनऊ सहित कई क्षेत्रों में हनुमान जी के भंडारे आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का दायित्व है कि ऐसे आयोजनों के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि लोग शांतिपूर्वक धार्मिक कार्यक्रमों में भाग ले सकें।

इसके अलावा अजय राय ने कुशीनगर के हाटा क्षेत्र में कथित जमीन विवाद और कार्रवाई को लेकर भी सरकार का घेराव किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां लोगों के साथ अन्याय हुआ और जबरन कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा पीड़ितों और कमजोर वर्गों के साथ खड़ी रही है और आगे भी उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी।

अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के दिखाए रास्ते पर चल रही है और समाज में न्याय, समानता तथा भाईचारे की भावना को मजबूत करने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है।

--आईएएनएस

एसएके/डीकेपी