राहुल गांधी को कांग्रेस नेताओं ने ही नकार दिया, कर्नाटक में सीएम बदलने से कुछ नहीं होगाः शहजाद पूनावाला
नई दिल्ली, 31 मई (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी पर रामचंद्र गुहा की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस को उनसे कोई उम्मीद नहीं रखनी चाहिए और सार्वजनिक जीवन के लिए उनकी उपयुक्तता पर सवाल उठाया। इसके साथ ही डी. के. शिवकुमार के कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री बनने पर भी भाजपा प्रवक्ता ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "पहले तो जनता ने राहुल गांधी को नकार दिया, वे 99 चुनाव हार चुके हैं। फिर गठबंधन के साझेदारों ने राहुल गांधी को नकार दिया, चाहे वह समाजवादी पार्टी हो, तृणमूल कांग्रेस हो, डीएमके हो या उद्धव सेना। फिर कांग्रेस पार्टी के भीतर भी, चाहे इमरान मसूद हों या अन्य नेता, यह कहते रहे हैं कि राहुल को हटाकर प्रियंका गांधी को लाया जाना चाहिए।
अब कांग्रेस के पुराने नेता रामचंद्र गुहा भी अपने लेख के माध्यम से कह रहे हैं 'राहुल तुमसे न हो पाएगा।' राहुल गांधी थके-हारे नेता हैं और वे मुद्दे नहीं उठा पाते, विदेश भाग जाते हैं, ये बातें उनके दरबारी ही कह रहे हैं। इसलिए कहा जा सकता है कि राहुल गांधी राजनीतिक दृष्टिकोण से निष्क्रिय और बेकार हैं। राहुल गांधी को और कोई प्रोफेशन ढूंढना चाहिए।"
शहजाद पूनावाला ने कहा, "देखिए, ढाई-तीन साल बाद कर्नाटक में जो कुछ अस्थायी रूप से चल रहा था, 'गेम ऑफ थ्रोन्स' या किस्सा कुर्सी का चल रहा था, वह सिर्फ कुछ समय के लिए रुका है, लेकिन मामला अभी खत्म नहीं हुआ है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान में भी कांग्रेस यही किया है और केरल में भी यही हो रहा है।
कुल मिलाकर, कांग्रेस का मतलब अस्थिरता है। कर्नाटक अब चेहरा बदल गया है, मुख्यमंत्री बदल गए हैं, लेकिन क्या चरित्र बदलेगा? क्योंकि कर्नाटक के लोग अभी भी परेशान हैं। कर्नाटक सरकार पर 8 लाख करोड़ का कर्ज है, थोड़ी सी बारिश से रास्ते तालाब बन जाते हैं। कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा को लेकर कोई व्यवस्था नहीं है। राहुल गांधी ओबीसी और जनजाति की बात कहते थे, लेकिन ओबीसी मुख्यमंत्री सिद्दारमैया को हटा दिया।"
--आईएएनएस
ओपी/एएस
