राहुल गांधी को पीएम मोदी की लोकप्रियता से ईर्ष्या, भोजशाला फैसले का स्वागत: आरपी सिंह
नई दिल्ली, 14 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने मंगलवार को कई मुद्दों पर अपनी राय रखी। उन्होंने मेलबर्न में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में भीड़ जुटाने को लेकर राहुल गांधी के आरोपों को निराधार बताया, पंजाब कांग्रेस में जारी अंदरूनी कलह पर कांग्रेस नेतृत्व को घेरा, भोजशाला मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया और अंकित शर्मा हत्याकांड में ताहिर हुसैन को दोषी ठहराए जाने पर आम आदमी पार्टी से जवाब मांगा।
मेलबर्न में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के लिए लोगों को पैसे देकर भीड़ जुटाने संबंधी विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आरोपों पर आरपी सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को इस बात की ईर्ष्या है कि प्रधानमंत्री मोदी को देश ही नहीं, विदेशों में भी बड़ी संख्या में लोग सुनने और उनका स्वागत करने पहुंचते हैं। राहुल गांधी और उनके परिवार ने कभी उस तरह का काम नहीं किया, जैसा प्रधानमंत्री मोदी देश की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ाने और विकसित भारत के लक्ष्य को दुनिया के सामने रखने के लिए कर रहे हैं। इसी कारण कांग्रेस नेता बिना किसी आधार के आरोप लगाते हैं। यह अच्छी बात है कि राहुल गांधी विदेश यात्रा से लौट आए हैं, लेकिन उन्हें यह भी बताना चाहिए कि वे किस देश गए थे।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय द्वारा पेरंबूर के लिए 1 हजार करोड़ रुपए की कायाकल्प योजना और महिलाओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी जैसी व्यवस्थाओं की घोषणा पर आरपी सिंह ने कहा कि ऐसी योजनाएं बनना अच्छी बात है, लेकिन उनका जमीन पर प्रभावी क्रियान्वयन होना अधिक जरूरी है। केवल सीसीटीवी कैमरे लगाने से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होगी। इसके लिए पुलिस व्यवस्था को मजबूत करना और सरकार का प्रभावी ढंग से काम करना भी आवश्यक है।
पंजाब कांग्रेस में जारी आंतरिक विवाद के दिल्ली तक पहुंचने पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस में यह कोई नई बात नहीं है। राजस्थान का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां भी सचिन पायलट और अशोक गहलोत के बीच लंबे समय तक संघर्ष चला, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व समाधान निकालने में सफल नहीं हुआ। कर्नाटक में भी मुख्यमंत्री पद को लेकर महीनों तक खींचतान चली और अब पंजाब तथा हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस की यही स्थिति दिखाई दे रही है।
आरपी सिंह ने दावा किया कि पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिन्दर सिंह राजा वड़िंग से पार्टी के कई वरिष्ठ नेता असंतुष्ट हैं। कांग्रेस एकजुट नहीं है और कई नेता मुख्यमंत्री बनने के सपने देख रहे हैं, जिसके कारण पार्टी में लगातार गुटबाजी बढ़ रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल की दिल्ली में हुई बैठक पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत पहले ही कांग्रेस के आरोपों का जवाब दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व बार-बार वही मुद्दे उठाता है जिनका उत्तर पहले ही दिया जा चुका है। वहीं, पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल द्वारा हाईकमान को रिपोर्ट सौंपे जाने पर आरपी सिंह ने कहा कि इससे कांग्रेस की अंदरूनी समस्याएं समाप्त नहीं होंगी। जिस तरह पंजाब और हिमाचल प्रदेश में नेतृत्व को लेकर विवाद है, उसी तरह कर्नाटक में भी सिद्दारमैया और डीके शिवकुमार के समर्थक गुटों के बीच खींचतान अभी भी जारी है।
भोजशाला मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भाजपा प्रवक्ता ने उसका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संबंधित परिसर मंदिर है और यदि नमाज के लिए किसी अन्य स्थान की व्यवस्था की जाती है तो उसमें कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। नमाज किसी एक विशेष स्थान पर ही पढ़ी जाए, ऐसा कोई धार्मिक या कानूनी प्रावधान नहीं है, इसलिए अदालत का निर्णय स्वागत योग्य है।
कर्नाटक के बिदादी क्षेत्र में किसानों के विरोध प्रदर्शन पर आरपी सिंह ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार लैंड पूलिंग के माध्यम से किसानों की कृषि भूमि बड़े टाउनशिप प्रोजेक्ट्स के लिए उपलब्ध कराने की कोशिश कर रही है। किसान अपनी उपजाऊ जमीन खोने की आशंका से चिंतित हैं और इसी वजह से विरोध कर रहे हैं।
अंकित शर्मा हत्याकांड में ताहिर हुसैन को दोषी ठहराए जाने के बाद भाजपा प्रवक्ता ने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब यह मामला सामने आया था, तब भी पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेता उनके बचाव में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। अब जब अदालत ने अपना फैसला सुना दिया है, आम आदमी पार्टी को अपने रुख पर जवाब देना चाहिए।
--आईएएनएस
पीएसके/डीकेपी
