Aapka Rajasthan

राहुल गांधी के फोन टैपिंग आरोप पर कांग्रेस ने भाजपा को घेरा, सुप्रीम कोर्ट के जज से जांच कराने की मांग

नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोपों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने मुंबई में कहा कि भाजपा को साफ-साफ बताना चाहिए कि वह फोन टैप कर रही है या नहीं। अगर राहुल गांधी गलत बयानबाजी कर रहे हैं तो उनके खिलाफ जांच की जाए।
 
उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा न्यायाधीश से कराई जाए, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। जांच से यह पता चल सकेगा कि भाजपा सरकार ने पेगासस खरीदा है या नहीं। साथ ही यह भी साफ हो जाएगा कि विपक्षी नेताओं के खिलाफ फोन टैपिंग हो रही है या नहीं, और अगर हो रही है तो किस हद तक हो रही है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा ने पूरे देश को पुलिस स्टेट में बदल दिया है। हर नेता का फोन टैप हो रहा है। हर बड़े अधिकारी का फोन टैप हो रहा है। यहां भय और तानाशाही की सरकार चल रही है।

उन्होंने कहा कि 'वोट चोरी' से अवैधानिक सरकार बनाई जा रही है, इसलिए फोन टैप किया जा रहा है। अगर यह जनता की चुनी हुई सरकार होती तो उसे फोन टैप करने की जरूरत ही नहीं पड़ती।

वहीं, कांग्रेस नेता गुरुनाधम ने कहा कि शुक्रवार को राहुल गांधी ने भारत सरकार पर गंभीर आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि भारत सरकार के अधिकारियों ने उनके फोन को टैप किया है। भाजपा द्वारा विपक्षी नेताओं के फोन टैप करना बेहद गलत है।

गुरुनाधम ने कहा कि विपक्ष के नेता के तौर पर राहुल गांधी ने बहुत स्पष्ट रूप से आमने-सामने पूरी बहस की मांग की है, लेकिन सरकार इसे स्वीकार नहीं कर रही है। उल्टा राहुल गांधी का फोन टैप किया जा रहा है। यह पूरी तरह अनुचित है।

गुरुनाधम ने कहा कि जब कांग्रेस पार्टी सत्ता में थी, तब भी विपक्षी नेता हुआ करते थे। इंदिरा गांधी के कार्यकाल के दौरान वे विपक्षी दलों के नेताओं का सम्मान करती थीं, लेकिन यह भाजपा सरकार राहुल गांधी के खिलाफ बहुत नफरत फैला रही है, जो इस देश के लिए बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।

--आईएएनएस

पीआईएम/एबीएम