Aapka Rajasthan

राहुल गांधी एफआईआर से घबराने वाले नहीं हैं : तारिक अनवर

कटिहार, 1 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में एफआईआर दर्ज होने के बाद पार्टी सांसद तारिक अनवर ने राज्य सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि हमारे नेता घबराने वाले नहीं हैं, वे सभी वर्गों की बात कर रहे हैं, एफआईआर से नहीं डरेंगे।
 

कटिहार, 1 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में एफआईआर दर्ज होने के बाद पार्टी सांसद तारिक अनवर ने राज्य सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि हमारे नेता घबराने वाले नहीं हैं, वे सभी वर्गों की बात कर रहे हैं, एफआईआर से नहीं डरेंगे।

कटिहार में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने कहा कि इस तरह के एफआईआर से न राहुल गांधी घबराने वाले हैं, न कांग्रेस पार्टी घबराने वाली है। हम संघर्ष करते रहेंगे, लड़ाई लड़ते रहेंगे, जनता की जो भी तकलीफ है, परेशानी है, उसके खिलाफ आवाज बुलंद करते रहेंगे।

भारत की जीडीपी ग्रोथ 7.08 प्रतिशत होने पर उन्होंने भाजपा के एक वरिष्ठ नेता का जिक्र करते हुए दावा किया कि अगर आंकड़ों से गरीबी मिट जाती है और लोगों का पेट भर जाता तो इससे अच्छी बात क्या होती। देश की मौजूदा स्थिति क्या है, यह सभी लोग महसूस कर रहे हैं। गांव से लेकर शहर-शहर क्या हालत हैं, सभी अच्छे से जानते हैं।

मदरसों को बंद करने को लेकर उन्होंने सरकार पर तंज कसा और इसे सरकार का एक सूत्रीय कार्यक्रम बताया। अनवर ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय को परेशान किया जा रहा है। सवाल है कि पढ़ाई की व्यवस्था नहीं है। देश में एक लाख से ज्यादा स्कूल बंद हो गए। सरकारों की ओर से नए स्कूल खोले नहीं जा रहे हैं, जो हैं वह भी बंद हो रहे हैं, क्योंकि वहां पर शिक्षकों की बहाली नहीं होती है। कुछ लोग बच्चों की भलाई के लिए मदरसे संचालित कर रहे हैं तो उन्हें रोकने की कोशिश हो रही है। यह युवाओं को सिर्फ अनपढ़ बनाकर रखना चाहते हैं।

राहुल गांधी के एफआईआर मामले में मुंबई से कांग्रेस नेता जीनत शबरीन ने कहा कि हल्द्वानी में हमारे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद, जिस तरह से शुद्धिकरण की रस्म निभाई गई, और उस घटना के खिलाफ आवाज उठाने पर हमारे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई, उसके विरोध में हमने प्रदर्शन किया। इसके बाद हमारे कुछ लोगों को घर से उठाया गया। पूरी रात कस्टडी में रखा गया। हम घर तक नहीं जा पाए। क्योंकि, जांच पड़ताल हो रही थी। हम सवाल पूछ रहे थे कि कौन सी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर रहे हैं, हमें कोई जानकारी नहीं दी गई है। पूरी रात कस्टडी में यातनाएं दी गई। युवाओं के साथ जो बर्ताव किया गया है, इसकी भरपाई भाजपा को करनी होगी।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम