राहुल गांधी अवसरवादी, तेजस्वी अपना घर नहीं संभाल पाए तो दूसरे को क्या नसीहत देंगेः गिरिराज सिंह
पटना, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पश्चिम बंगाल को लेकर राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान और सम्राट चौधरी पर तेजस्वी यादव के बयान पर पलटावर किया।
हाल ही में राहुल गांधी ने कहा था कि पश्चिम बंगाल में अगर सब कुछ सही रहता, बेरोजगारी नहीं बढ़ती और हिंसा नहीं फैलाई जाती तो भाजपा को पनपने का मौका नहीं मिलता। राहुल गांधी के इस बयान पर आईएएनएस से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "यह बात सभी को पता है। राहुल गांधी को इसका अहसास काफी देर से हुआ, क्योंकि उन्हें भी ममता बनर्जी के साथ प्रधानमंत्री पद की दौड़ में खड़ा देखा गया है। ये अवसरवादी लोग हैं। भारतीय जनता पार्टी 1990 के दशक से ही बिहार में कुशासन के खिलाफ लड़ रही है। ठीक उसी तरह जैसे वह ममता बनर्जी के कुशासन, जंगल राज, अपराधियों को संरक्षण, बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण और रोहिंग्या मुसलमानों को संरक्षण देने के खिलाफ लड़ रही है। बंगाल बेरोजगारी, गरीबी, भ्रष्टाचार और अराजकता से जूझ रहा है।"
महिला आरक्षण विधेयक पर कांग्रेस के विरोध पर गिरिराज सिंह ने कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि उन्होंने पहले जो व्यवहार किया था, खासकर महिला आरक्षण के मुद्दे पर जब विधेयक पहली बार पेश किया गया था, वह दोहराया नहीं जाएगा। आशा है कि कांग्रेस मंडल आयोग के समय की गलतियों को नहीं दोहराएगी। इन सभी गलतियों को नहीं दोहराया जाना चाहिए और हमें मिलकर महिला सशक्तीकरण की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।"
नीतीश कुमार के सीएम पद से इस्तीफे के बाद आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा था कि अब बिहार पर गुजरात का शासन होगा। सम्राट चौधरी लालू प्रसाद यादव की पाठशाला के हैं।
तेजस्वी के इस बयान पर केंद्रीय मंत्री ने कहा, "कल से ही वो चेहरे पर बनावटी मुस्कान लिए इसी तरह बोल रहे हैं। मैं तेजस्वी यादव से पूछना चाहता हूं, आपके भाई तेज प्रताप यादव और बहन रोहिणी आचार्य ने रोते हुए घर क्यों छोड़ा और आप अपने परिवार को क्यों नहीं संभाल पाए?" इस तरह के बयान देने से सच्चाई पर पर्दा नहीं डाला जा सकता है।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम
