Aapka Rajasthan

राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा के बीच खींचतान के दावे, प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर उठाए सवाल

नई दिल्ली, 1 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और राहुल गांधी तथा प्रियंका वाड्रा के बीच कथित मतभेदों को लेकर भाजपा नेता प्रदीप भंडारी ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने लगातार दो दिनों तक अपनी बहन प्रियंका वाड्रा को बोलने का मौका नहीं दिया। भंडारी ने इसे कांग्रेस के भीतर जारी खींचतान और राहुल गांधी की असुरक्षा से जोड़कर पेश किया।
 

नई दिल्ली, 1 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और राहुल गांधी तथा प्रियंका वाड्रा के बीच कथित मतभेदों को लेकर भाजपा नेता प्रदीप भंडारी ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने लगातार दो दिनों तक अपनी बहन प्रियंका वाड्रा को बोलने का मौका नहीं दिया। भंडारी ने इसे कांग्रेस के भीतर जारी खींचतान और राहुल गांधी की असुरक्षा से जोड़कर पेश किया।

प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि नेहा बोरा को लगातार दो दिनों तक बोलने का अवसर दिया गया, लेकिन राहुल गांधी ने अपनी ही बहन प्रियंका वाड्रा को बोलने नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की असुरक्षा खुलकर सामने आ गई है और राहुल गांधी तथा प्रियंका वाड्रा के बीच टकराव साफ दिखाई दे रहा है।

एक अन्य पोस्ट में भंडारी ने कांग्रेस की अंदरूनी कलह को सार्वजनिक बताते हुए कहा कि रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन की संयुक्त रैली के दौरान भी राहुल गांधी ने प्रियंका वाड्रा को बोलने का मौका नहीं दिया। उन्होंने दावा किया कि इससे एक दिन पहले कांग्रेस की ओर से आयोजित 'मॉक पार्लियामेंट' के दौरान भी प्रियंका वाड्रा दूसरी पंक्ति में चुपचाप बैठी दिखाई दी थीं और उनके चेहरे पर नाराजगी नजर आ रही थी।

भंडारी ने कहा कि लगातार दो दिनों में ऐसी स्थिति सामने आना महज संयोग नहीं हो सकता। उन्होंने इसे राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा के बीच कथित खींचतान का संकेत बताते हुए कांग्रेस के भीतर नेतृत्व को लेकर सवाल खड़े किए।

गौरतलब है कि रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर 'दिल्ली चलो' रैली आयोजित की गई थी। इस रैली को राहुल गांधी ने संबोधित किया था।

रैली में राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार ने जो किया है, वह सामान्य चोरी नहीं, बल्कि कानूनी भाषा में 'रेयरेस्ट ऑफ रेयर' श्रेणी का मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईवीएम और मतदाता सूची से 13.5 करोड़ नाम हटाकर वोटों की चोरी की गई।

राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी संविधान और लोकतंत्र पर कथित हमले के लिए जवाबदेह ठहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक इस मामले में जिम्मेदार लोगों को परिणाम नहीं भुगतने पड़ेंगे, तब तक विपक्ष अपना संघर्ष जारी रखेगा।

--आईएएनएस

डीएससी