राबड़ी आवास पर मनाया गया लालू यादव का जन्मदिन, तेजस्वी यादव और मीसा भारती ने सरकार को घेरा
पटना, 11 जून (आईएएनएस)। राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के 79वें जन्मदिन के मौके पर पटना स्थित राबड़ी आवास पर जश्न का माहौल रहा। इस दौरान तेजस्वी यादव और मीसा भारती ने लालू यादव को शुभकामनाएं देते हुए बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा। तेजस्वी ने रोजगार, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा वापस लेने के मुद्दे पर सरकार को घेरा।
पटना में मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार को लोगों से जुड़े मुद्दों पर काम करना चाहिए, लेकिन वह ध्यान भटकाने के लिए बंगला और सुरक्षा वापस ले रही है। यह मुद्दा अधिक समय तक नहीं चलने वाला है। नौजवान अधिकार मांगते हैं तो उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं। रोजगार के मुद्दे पर सरकार फेल हो गई है। सरकार को बने हुए 6 महीने हो गए, लेकिन रोजगार के मुद्दे पर चुप्पी है। महिलाओं के बैंक खातों में 1 लाख 90 हजार रुपए कब जाएंगे? इसका जवाब देना चाहिए।
तेजस्वी यादव ने कहा कि ये लोग सिर्फ मुझे और पिता लालू प्रसाद यादव को गाली देने और जगहों के नाम बदलने का काम कर रहे हैं। ये हवा-हवाई बातें और हवा-हवाई काम करते हैं। मैंने सम्राट चौधरी को 'चीप मिनिस्टर' कह दिया तो भाजपाइयों को बहुत बुरा लगा। अगर कोई 'चीप राजनीति' करेगा तो उसे 'चीप' ही कहा जाएगा।
उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी सेलेक्टेड मुख्यमंत्री हैं, वह इलेक्टेड नहीं हैं। अगर वह मुख्यमंत्री बन गए हैं तो उन्हें अपनी सोच में कुछ बदलाव लाना चाहिए। आज प्रदेश में सभी लोग परेशान हैं। उनके पास कोई रोडमैप नहीं है, कोई विजन नहीं है। भाईचारे के प्रतीक और गरीबों के मसीहा लालू यादव का आज जन्मदिन है। बिहार के बुजुर्ग, बच्चे और जवान सभी उनके जीवन से प्रेरित हैं और उन्हें प्यार करते हैं। पूरे देश से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं। हम भगवान से उनके स्वस्थ और दीर्घायु रहने की प्रार्थना करते हैं।
वहीं, मीसा भारती ने कहा कि मैं उनकी बेटी हूं, लेकिन राजद की कार्यकर्ता भी हूं। मैं बस यही कहना चाहती हूं कि मेरी भी उम्र उन्हें लग जाए।
उन्होंने परिवार से सुरक्षा वापस लिए जाने पर कहा कि जब नई सरकार बनती है तो उसका काम सिर्फ घर खाली कराना और सुरक्षा वापस लेना नहीं होता। इतने समय से केंद्र में उनकी सरकार है और राज्य में भी उनकी सरकार है, लेकिन एक भी फैक्ट्री नहीं लगी। कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार फेल है, लेकिन इस पर बात करने के बजाय उन्हें मंदिर और गाय की ज्यादा चिंता है। सुरक्षा घटाना और आवास खाली कराना सिर्फ ध्यान भटकाने का मुद्दा है।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम
