Aapka Rajasthan

'राख' में पारसी किरदार के लिए नैना सरीन ने की खास तैयारी, बोलीं-'उच्चारण और संस्कृति को समझने पर दिया ध्यान'

मुंबई, 17 जुलाई (आईएएनएस)। अभिनेत्री नैना सरीन अपनी नई वेब सीरीज 'राख' को लेकर सुर्खियों में हैं। इस सीरीज में उन्होंने एक पारसी किरदार निभाया, जिसके लिए उन्होंने उस समुदाय की भाषा, बोलने के अंदाज और संस्कृति को समझने के लिए काफी मेहनत की। आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि भले ही उनके ऑडिशन का सीन छोटा था, लेकिन उसे पढ़ते ही उन्हें समझ आ गया कि यह किरदार कहानी में अहम भूमिका निभाने वाला है।
 

मुंबई, 17 जुलाई (आईएएनएस)। अभिनेत्री नैना सरीन अपनी नई वेब सीरीज 'राख' को लेकर सुर्खियों में हैं। इस सीरीज में उन्होंने एक पारसी किरदार निभाया, जिसके लिए उन्होंने उस समुदाय की भाषा, बोलने के अंदाज और संस्कृति को समझने के लिए काफी मेहनत की। आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि भले ही उनके ऑडिशन का सीन छोटा था, लेकिन उसे पढ़ते ही उन्हें समझ आ गया कि यह किरदार कहानी में अहम भूमिका निभाने वाला है।

नैना सरीन ने आईएएनएस से अपने ऑडिशन और तैयारी के बारे में बात करते हुए कहा, ''जब मुझे 'राख' के लिए ऑडिशन कॉल आया, तो सीन काफी छोटा था। लेकिन उसे पढ़ने के बाद मुझे समझ आया कि यह किरदार कहानी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। मैं एक पारसी किरदार निभा रही थी, कहानी पर गहरा असर डालने के लिए मैंने काफी तैयारी की।''

उन्होंने बताया, ''किरदार में वास्तविकता लाने के लिए मैंने पारसी समुदाय के उच्चारण और बातचीत के तरीके को समझने की कोशिश की। इसके लिए मैंने कई वीडियो देखे और यह जानने की कोशिश की कि पारसी लोग किस तरह बोलते हैं और उनकी भाषा में किस तरह की खासियत होती है। केवल लाइन्स सही बोलना ही काफी नहीं था, बल्कि किरदार के व्यवहार और उसकी संस्कृति को समझना भी जरूरी था।''

अभिनेत्री ने कहा, ''सीरीज की कहानी एक खास समयकाल की पृष्ठभूमि पर आधारित है, इसलिए मैंने ऑडिशन देने से पहले अपने लुक और पहनावे को भी उसी हिसाब से तैयार किया। भले ही मेरे किरदार का स्क्रीन टाइम कम है, लेकिन इसका प्रभाव लंबे समय तक रहेगा।''

नैना ने बताया, ''निर्देशक प्रशांत रॉय के साथ काम करना मेरे लिए एक खास अनुभव रहा। मैं लंबे समय से उनके साथ काम करना चाहती थीं और 'राख' के जरिए यह इच्छा पूरी हुई। उनकी सोच और कहानी को देखने का नजरिया इस किरदार को बेहतर तरीके से समझने में काफी मददगार रहा।''

अपने किरदार को निभाने में आई चुनौतियों के बारे में बात करते हुए नैना ने कहा, ''सबसे बड़ी चुनौती मानसिक तैयारी थी। गंभीर और भावनात्मक दृश्यों के लिए खुद को उस स्थिति में ले जाना आसान नहीं था। इसके अलावा कई रीटेक, किरदार की शारीरिक भाषा और दृश्यों की गंभीरता के लिए काफी एनर्जी की जरूरत पड़ी।''

उन्होंने कहा, ''सेट पर इंटीमेसी कोऑर्डिनेटर थे, जिन्होंने पूरी प्रक्रिया में हमारा मार्गदर्शन किया। हर शूट से पहले मैं खुद को मानसिक रूप से तैयार करती थी, अपने को-एक्टर्स के साथ तालमेल बनाती थी, सीन्स की रिहर्सल करती थी और उसके बाद ही टेक देती थी। इस तैयारी ने बहुत फर्क पैदा किया।''

बता दें कि 'राख' एक आठ एपिसोड वाली इन्वेस्टिगेटिव क्राइम थ्रिलर सीरीज है, जिसमें नैना सरीन के अलावा अली फजल, सोनाली बेंद्रे और आमिर बशीर जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। इस सीरीज का प्रीमियर दुनियाभर में 12 जून को अमेजन प्राइम वीडियो पर किया गया।

--आईएएनएस

पीके/पीएम