Aapka Rajasthan

मुंबई : क्यूबेक के मंत्री क्रिस्टोफर स्कीट की फडणवीस से मुलाकात, व्यापारिक रिश्तों को विस्तार देने पर चर्चा

मुंबई, 3 जुलाई (आईएएनएस)। कनाडा के क्यूबेक प्रांत के अंतरराष्ट्रीय संबंध मंत्री क्रिस्टोफर स्कीट ने शुक्रवार को मुंबई के विधान भवन में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। बैठक के बाद उन्होंने भारत और क्यूबेक आर्थिक संबंधों को गहरा करने और नए क्षेत्रों में साथ मिलकर काम करने की जरूरत पर भी जोर दिया।
 

मुंबई, 3 जुलाई (आईएएनएस)। कनाडा के क्यूबेक प्रांत के अंतरराष्ट्रीय संबंध मंत्री क्रिस्टोफर स्कीट ने शुक्रवार को मुंबई के विधान भवन में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। बैठक के बाद उन्होंने भारत और क्यूबेक आर्थिक संबंधों को गहरा करने और नए क्षेत्रों में साथ मिलकर काम करने की जरूरत पर भी जोर दिया।

मीड‍िया के सवालों का जवाब देते हुए मंत्री क्रिस्टोफर स्कीट ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस के साथ बैठक को बहुत अच्‍छा बताया। उन्‍होंने कहा क‍ि मुख्यमंत्री ने दोस्ती का हाथ बढ़ाया, और हमने भी उसे स्वीकार करते हुए महाराष्ट्र और क्यूबेक के बीच और गहरा सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।

क्रिस्टोफर ने कहा क‍ि हमारे लिए अपनी अर्थव्यवस्था को अलग-अलग क्षेत्रों और नए साझेदारों के साथ जोड़ना बहुत जरूरी है। हमारे प्रधानमंत्री यहां दोनों पक्षों के रिश्तों को फिर से मजबूत करने की शुरुआत करने आए थे, और मेरे प्रीमियर, क्रिश्चियन फ्रेशेट ने मुझे हमारी अर्थव्यवस्था को और विविध बनाने के मिशन पर भेजा है।

क्रिस्टोफर ने बताया क‍ि हमें अपने रिश्तों को और मजबूत करना होगा। हमें मिलकर काम करना होगा। दुनिया बहुत तेजी से बदल रही है, ऐसे समय में नए साझेदार बनाना और अपनी अर्थव्यवस्था को विविध बनाना पहले से कहीं ज्‍यादा जरूरी है। मेरा मानना है कि भारत और कनाडा, खास तौर पर क्यूबेक, साथ मिलकर बहुत कुछ कर सकते हैं।

जब क्रिस्टोफर से मुंबई और शहर के मौसम के बारे में पूछा गया तो उन्‍होंने कहा क‍ि यह मेरी भारत की पहली यात्रा है, लेकिन शायद आखिरी नहीं।

महाराष्ट्र मुख्‍यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर जानकारी देते हुए ल‍िखा, ''कनाडा के क्यूबेक प्रांत के अंतरराष्ट्रीय संबंध और फ्रैंकोफोनी मंत्री क्रिस्टोफर स्कीट ने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ शुक्रवार को मुंबई स्थित विधान भवन में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की।''

सीएमओ से साझा जानकारी के अनुसार, इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र सरकार और क्यूबेक सरकार के बीच इंटेंट लेटर (एलओआई) का आदान-प्रदान किया। यह दोनों पक्षों की उस प्रतिबद्धता को दोहराता है, जिसमें वे लंबे समय से चले आ रहे सहयोग को और मजबूत करना चाहते हैं।

इस सहयोग के तहत टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, उच्च शिक्षा, रिसर्च और सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करने पर जोर दिया गया है। साथ ही, सतत विकास और दीर्घकालिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की बात भी कही गई। इस अवसर पर मंत्री जयकुमार रावल और कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम