Aapka Rajasthan

क्वाड ने टोक्यो में टेबलटॉप अभ्यास पूरा किया, हिंद-प्रशांत लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को आगे बढ़ाने पर जोर

नई दिल्ली, 13 सितंबर (आईएएनएस)। भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका के क्वाड साझेदारों ने 3 और 4 सितंबर, 2026 को टोक्यो में टेबलटॉप एक्सरसाइज (टीटीएक्स) आयोजित की। इसका उद्देश्य क्वाड इंडो-पैसिफिक लॉजिस्टिक्स नेटवर्क (आईपीएलएन) को आगे बढ़ाना और पूरे क्षेत्र में प्राकृतिक आपदाओं के दौरान नागरिक राहत एवं प्रतिक्रिया प्रयासों को अधिक प्रभावी बनाना था।
 

नई दिल्ली, 13 सितंबर (आईएएनएस)। भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका के क्वाड साझेदारों ने 3 और 4 सितंबर, 2026 को टोक्यो में टेबलटॉप एक्सरसाइज (टीटीएक्स) आयोजित की। इसका उद्देश्य क्वाड इंडो-पैसिफिक लॉजिस्टिक्स नेटवर्क (आईपीएलएन) को आगे बढ़ाना और पूरे क्षेत्र में प्राकृतिक आपदाओं के दौरान नागरिक राहत एवं प्रतिक्रिया प्रयासों को अधिक प्रभावी बनाना था।

जापान के रक्षा मंत्रालय ने इस अभ्यास की मेजबानी की। इसका निर्णय मई 2026 में हुई क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में लिया गया था।

यह अभ्यास अप्रैल 2025 में हवाई में हुए आईपीएलएन के पहले टेबलटॉप अभ्यास और दिसंबर 2025 में गुआम में आयोजित फील्ड ट्रेनिंग एक्सरसाइज (एफटीएक्स) के परिणामों पर आधारित था। इस बार अभ्यास में प्राकृतिक आपदा से जुड़ी परिस्थितियों को केंद्र में रखा गया।

अभ्यास के दौरान चारों देशों ने यह समझने का प्रयास किया कि संकट के समय प्रत्येक साझेदार की लॉजिस्टिक्स क्षमताओं का अधिकतम और प्रभावी इस्तेमाल किस तरह किया जा सकता है। इसके साथ ही चारों देशों के बीच आपसी तालमेल और संचालन क्षमता को मजबूत करने तथा समन्वय की प्रक्रिया को सरल बनाने पर भी चर्चा हुई।

क्वाड साझेदारों ने आईपीएलएन के लिए मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की। ये एसओपी भविष्य में नेटवर्क को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए एक संस्थागत ढांचा उपलब्ध कराएंगी।

क्वाड देशों ने हाल में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साझेदारों ने संकट और आपात स्थितियों के दौरान मानवीय सहायता एवं राहत प्रयासों को बेहतर ढंग से समन्वित करने के तरीकों पर भी विचार-विमर्श किया।

इंडो-पैसिफिक लॉजिस्टिक्स नेटवर्क क्वाड की ऐसी पहल है, जिसके तहत चारों देश अपनी साझा लॉजिस्टिक्स क्षमताओं का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर आने वाली प्राकृतिक आपदाओं के दौरान नागरिक राहत और प्रतिक्रिया अभियानों में कर सकते हैं। इसका उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में जरूरतमंद लोगों तक राहत तेजी और अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचाना, जान बचाना, पुनर्वास और रिकवरी के प्रयासों को गति देना तथा क्षेत्रीय साझेदारों को सहायता उपलब्ध कराना है।

टोक्यो में हुआ यह अभ्यास क्षेत्रीय चुनौतियों से निपटने के लिए व्यावहारिक सहयोग मजबूत करने और स्वतंत्र एवम् खुले हुए हिंद प्रशांत के प्रति क्वाड की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

क्वाड साझेदार आईपीएलएन को व्यावहारिक रूप से लागू करने की दिशा में आगे भी टेबलटॉप और फील्ड ट्रेनिंग अभ्यास, आपसी विश्वास बढ़ाने वाले उपायों तथा विशेषज्ञों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान के जरिए काम जारी रखेंगे।

--आईएएनएस

केआर/