Aapka Rajasthan

पूर्व राजद नेता सुरेंद्र यादव के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी

गयाजी, 27 नवंबर (आईएएनएस)। गयाजी जिले के डोभी प्रखंड के रहने वाले पूर्व राजद नेता सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम उनके घर के साथ-साथ कई अन्य ठिकानों पर भी तलाशी अभियान चला रही है। वहीं, उनके कारोबारी पार्टनर के झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज स्थित ठिकाने पर भी छापेमारी की सूचना है।
 

गयाजी, 27 नवंबर (आईएएनएस)। गयाजी जिले के डोभी प्रखंड के रहने वाले पूर्व राजद नेता सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम उनके घर के साथ-साथ कई अन्य ठिकानों पर भी तलाशी अभियान चला रही है। वहीं, उनके कारोबारी पार्टनर के झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज स्थित ठिकाने पर भी छापेमारी की सूचना है।

तलाशी के दौरान ईडी की टीम को कई महत्वपूर्ण कागजात मिले हैं। हालांकि, बरामद दस्तावेजों की प्रकृति और छापेमारी के आधिकारिक कारणों को लेकर एजेंसी की ओर से अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

इस छापेमारी के बीच सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव और उनके सहयोगियों की कथित बेनामी संपत्ति, जमीन की खरीद-बिक्री और विभिन्न थानों में दर्ज आपराधिक मामलों से जुड़ा एक शिकायत पत्र भी चर्चा में है। शिकायत में करीब 200 एकड़ जमीन अर्जित करने और बिहार-झारखंड के विभिन्न थानों में 23 प्राथमिकी दर्ज होने का दावा किया गया है।

शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव ने पत्नी, पुत्र, रिश्तेदारों, सहयोगियों और कंपनियों के नाम पर बड़े पैमाने पर जमीन की खरीद-बिक्री की है। इसमें पत्नी सुनीता देवी, पुत्र आर्यन कुमार, सहयोगी उपेंद्र प्रसाद, सुधीर पांडेय और वेंकटेश यादव समेत कई लोगों के नामों का उल्लेख किया गया है।

शिकायतकर्ता का दावा है कि इन लोगों के नाम पर डोभी, बोधगया, शेरघाटी और पटना के आसपास करीब 200 एकड़ जमीन खरीदी गई है। खासकर डोभी-बोधगया-शेरघाटी हाईवे के किनारे बड़े पैमाने पर जमीन अर्जित करने की बात कही गई है। इसके अलावा कंपनियों अनन्या क्रॉप्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और अनन्या कॉर्ट्स इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड का भी शिकायत में जिक्र किया गया है।

शिकायत पत्र में सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव के खिलाफ बिहार और झारखंड के विभिन्न थानों में दर्ज 23 कांडों का हवाला दिया गया है। इनमें अपहरण, रंगदारी, जमीन पर कब्जा समेत अन्य आपराधिक मामलों का उल्लेख किया गया है।

सूची में गयाजी जिले के डोभी, रामपुर, कोतवाली, बोधगया और शेरघाटी थानों के अलावा झारखंड के धनबाद, बोकारो और हजारीबाग क्षेत्र के विभिन्न थानों में दर्ज मामलों की जानकारी दी गई है। हालांकि, इन सभी मामलों की वर्तमान स्थिति और उनमें संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

शिकायत के साथ जमीन की खरीद-बिक्री और रजिस्ट्री से संबंधित 20 प्रविष्टियों की सूची भी संलग्न है। इसमें डीड संख्या, निबंधन की तारीख, खरीदार का नाम और जमीन की मात्रा का विवरण दिया गया है। सूची में वर्ष 2012 से लेकर 2026 तक की रजिस्ट्रियों का उल्लेख है। इन दस्तावेजों में बजौरा, अनुगराही, भुसुंडिया, नकलूपा, नामाबोधगया और अन्य स्थानों की जमीन का जिक्र किया गया है। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि परिवार के सदस्यों और सहयोगियों के नाम पर अलग-अलग समय में जमीन की खरीद की गई।

अब ईडी की छापेमारी के बाद जमीन की खरीद-बिक्री, कथित बेनामी संपत्ति और संबंधित दस्तावेजों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल तलाशी के दौरान मिले कागजात की जांच और उनकी वास्तविकता सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस